रांची में डूरंड कप मुकाबलों के लिए 22 जुलाई से मिलेंगे जीरो टिकट

Editor
2 Min Read

रांची
 झारखंड राज्य के फुटबॉल प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी. रांची में 26 जुलाई से होनेवाले 135वें डूरंड कप-2026 के मुकाबले देखने के लिए फुटबॉल प्रेमियों को अब सिर्फ 'जीरो टिकट' लेना होगा. टूर्नामेंट के सफल आयोजन को लेकर जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने सोमवार को समीक्षा बैठक कर सभी विभागों को तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया. बैठक में बताया गया कि 22 जुलाई से मोरहाबादी स्टेडियम परिसर में 12 काउंटरों के माध्यम से 'जीरो टिकट' (निःशुल्क टिकटों) का वितरण शुरू होगा. टिकट लेने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को वैध पहचान पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा. टिकट वितरण प्रतिदिन सुबह 11 बजे से अपराह्न चार बजे तक होगा.

उधर, सोमवार को खेल निदेशक छवि रंजन ने प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि 26 जुलाई शुरू हो रहे टूर्नामेंट के रांची चरण के उद्घाटन मुकाबले का शुभारंभ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे. प्रेस कांफ्रेंस में भारतीय सेना के प्रतिनिधि मनोज कुमार झा मौजूद थे. टूर्नामेंट को लेकर बिरसा स्टेडियम में आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है.

क्या है जीरो टिकट?
‘जीरो टिकट’ ऐसा प्रवेश टिकट होता है, जिसके लिए दर्शकों से कोई शुल्क नहीं लिया जाता. टिकट का मूल्य शून्य होता है, लेकिन प्रवेश सुनिश्चित करने के लिए इसका वितरण किया जाता है.

भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर फोकस
डीसी ने सभी टिकट काउंटरों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों व पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने, पार्किंग, ट्रैफिक प्रबंधन, प्रवेश-निकास, भीड़ नियंत्रण, सीसीटीवी निगरानी, सुरक्षा जांच और कंट्रोल रूम की व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश दिया. उन्होंने खिलाड़ियों व टीम अधिकारियों की सुरक्षित आवाजाही, एंबुलेंस, मेडिकल टीम, चिकित्सक, दवाएं, फायर ब्रिगेड, पेयजल, बिजली, स्वच्छता और शौचालय जैसी सभी बुनियादी सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया. बैठक में 26 जुलाई को होने वाले उद्घाटन समारोह की तैयारियों की भी समीक्षा की गयी.

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube Reporters Support Directors Live