तिरंगे में लिपटकर गांव पहुंचे नायक विजय कुमार, अंतिम दर्शन के लिए उमड़ा जनसैलाब

Editor
3 Min Read

मानसा.

मानसा जिले के सरदूलगढ़ क्षेत्र के गांव खैरा खुर्द में रविवार को नायक विजय कुमार का पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। गांव के श्मशान घाट में हजारों लोगों की नम आंखों के बीच नायक को अंतिम विदाई दी गई। जैसे ही तिरंगे में लिपटा पार्थिव शरीर गांव पहुंचा, पूरा माहौल भावुक हो गया।

गांव के लोगों ने फूलों की वर्षा कर अपने वीर बेटे को श्रद्धांजलि दी और “नायक विजय कुमार अमर रहे” के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। सेना की ओर से पहुंचे अधिकारियों ने पार्थिव शरीर को सलामी दी। इस दौरान सेना अधिकारियों ने नायक वियज कुमार के पिता हिम्मत सिंह को सम्मानपूर्वक तिरंगा सौंपा।
यह दृश्य देखकर वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं। अंतिम संस्कार के दौरान शहीद की पत्नी ने भी अपने पति को सेल्यूट किया, जिसने पूरे माहौल को और भावुक बना दिया। 

इलाज के दौरान तोड़ा दम
जानकारी के अनुसार गांव खैरा खुर्द निवासी हिम्मत सिंह के बेटे नायक विजय कुमार वर्ष 2014 में 66 इंजीनियर रेजीमेंट में भर्ती हुए थे। सेना में भर्ती होने के बाद उन्होंने बीईजी सेंटर रुड़की में प्रशिक्षण प्राप्त किया। वर्तमान में उनकी तैनाती राजस्थान के जोधपुर में थी। यूनिट के नायब सूबेदार मेजर प्रेम प्रकाश ने बताया कि नायक विजय कुमार आर्मी की खेल टीम से जुड़े हुए थे और उन्हें कबड्डी खेलने का काफी शौक था। करीब चार महीने पहले उन्हें पेट संबंधी बीमारी की शिकायत हुई थी, जिसके बाद उन्हें एचआरआर आर्मी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान शनिवार को उन्होंने अंतिम सांस ली।

परिवार का इकलौता बेटा थे नायक विजय
नायक विजय कुमार अपने परिवार का सबसे बड़ा सहारा थे। मध्यमवर्गीय परिवार से संबंध रखने वाले हिम्मत सिंह के तीन बेटों में विजय कुमार सबसे जिम्मेदार सदस्य माने जाते थे। उनके दोनों छोटे भाई अभी अविवाहित हैं, इसलिए परिवार की पूरी जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी। शहीद अपने पीछे पत्नी और तीन छोटी बेटियों को छोड़ गए हैं। प्रशासन से डीएसपी मंजीत सिंह और थाना सरदूलगढ़ प्रभारी पुष्पिंदर कौर मौजूद रहे। इसके अलावा कांग्रेस के पूर्व विधायक अजीतइंद्र सिंह मोफर, प्रेम गर्ग, पंकज गर्ग, पार्षद विरसा सिंह और गांव के सरपंच राजेश कुमार सहित कई गणमान्य लोग श्रद्धांजलि देने पहुंचे।

बेटियों के लिए सरकार से मदद की मांग
गांव के सरपंच राजेश कुमार और अन्य ग्रामीणों ने पंजाब तथा केंद्र सरकार से शहीद परिवार के लिए विशेष वित्तीय सहायता पैकेज देने की मांग की। उन्होंने कहा कि छोटे से गांव से निकलकर नायक विजय कुमार ने देश सेवा कर पूरे इलाके का नाम रोशन किया है। ग्रामीणों ने कहा कि सरकार को शहीद परिवार की आर्थिक सहायता और बेटियों के भविष्य की जिम्मेदारी उठानी चाहिए।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube Reporters Support Directors Live