हार-जीत से किसी की काबिलियत कम नहीं होती, खेल में भाग लेना भी बड़ी उपलब्धि-महापौर मंजूषा भगत

Editor
5 Min Read

रायपुर

हार-जीत से किसी की काबिलियत कम नहीं होती, खेल में भाग लेना भी बड़ी उपलब्धि-महापौर मंजूषा भगत

खेल प्रतिभाओं को निखारने और युवाओं में खेल भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का समापन मन में सुनहरी यादें छोड़कर गया। संभागीय मुख्यालय- अंबिकापुर जिला सरगुजा में आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026 का समापन समारोह आज मुख्य अतिथि महापौर श्रीमती मंजूषा भगत के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। 23 से 26 अक्टूबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों के 404 खिलाडि़यों ने भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समारोह में महापौर श्रीमती मंजूषा भगत ने विभिन्न खेल विधाओं में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत और सम्मानित किया तथा उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर महापौर श्रीमती मंजूषा भगत ने खिलाडि़यों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जीवन में हार-जीत लगी रहती है। खेल प्रतियोगिता में शामिल होकर खेलना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। आप सभी अपनी प्रतिभा और काबिलियत के दम पर यहां तक पहुंचे हैं। हार और जीत का अंतर किसी की काबिलियत को कम नहीं करता। उन्होंने सभी खिलाडि़यों को खेल भावना के साथ आगे बढ़ने और निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने सभी विद्यार्थियों को अपने आसपास की स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने की अपील की।
इस इसके अलावा महापौर ने सभी छात्र छात्राओं को खेल प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि आप सभी खूब मेहनत करें और राष्ट्रीय खेलों प्रतिस्पर्धाओं में अपनी सहभागिता दे और राज्य के साथ अपने स्कूल , शिक्षक और माता पिता सभी का नाम रोशन करें।

विभिन्न खेल विधाओं में खिलाडि़यों ने दिखाया दमखम

प्रतियोगिता के अंतिम परिणामों के अनुसार बैडमिंटन 17 वर्ष बालक वर्ग में दुर्ग प्रथम, रायपुर द्वितीय और बिलासपुर तृतीय स्थान पर रहा। बालिका वर्ग में 17 वर्ष में दुर्ग प्रथम, रायपुर द्वितीय और सरगुजा तृतीय स्थान पर रहा। बैडमिंटन 19 वर्ष बालक वर्ग में दुर्ग प्रथम, रायपुर द्वितीय और बिलासपुर तृतीय स्थान पर रहा, जबकि बालिका वर्ग में बस्तर प्रथम, दुर्ग द्वितीय और सरगुजा तृतीय स्थान पर रहा।
बास्केटबॉल 14 वर्ष बालिका वर्ग में रायपुर ने प्रथम, सरगुजा ने द्वितीय और बिलासपुर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं 17 वर्ष बालिका वर्ग में रायपुर प्रथम, दुर्ग द्वितीय और सरगुजा तृतीय स्थान पर रहा।

फुटबॉल 19 वर्ष बालक वर्ग में बस्तर ने प्रथम, सरगुजा ने द्वितीय और दुर्ग ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सॉफ्ट टेनिस की विभिन्न आयु वर्गों की स्पर्धाओं में भी खिलाडि़यों ने  उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। 14 वर्ष बालक वर्ग में बिलासपुर प्रथम, रायपुर द्वितीय और दुर्ग तृतीय रहा। 17 वर्ष बालक वर्ग में बिलासपुर प्रथम, रायपुर द्वितीय और दुर्ग तृतीय रहा, जबकि 19 वर्ष बालक वर्ग में बिलासपुर प्रथम, दुर्ग द्वितीय और रायपुर तृतीय स्थान पर रहा।
सॉफ्ट टेनिस 14 वर्ष बालिका वर्ग में रायपुर प्रथम, दुर्ग द्वितीय और सरगुजा तृतीय स्थान पर रहा। 17 वर्ष बालिका वर्ग में रायपुर प्रथम, बिलासपुर द्वितीय और दुर्ग तृतीय स्थान पर रहा। वहीं 19 वर्ष बालिका वर्ग में रायपुर प्रथम, दुर्ग द्वितीय और बिलासपुर तृतीय स्थान पर रहा।

ओवरऑल चौंपियनशिप में रायपुर प्रथम

इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की ओवरऑल रैंकिंग में रायपुर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। दुर्ग दूसरे और बिलासपुर तीसरे स्थान पर रहा। सरगुजा ने चतुर्थ तथा बस्तर ने पंचम स्थान प्राप्त किया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

समापन समारोह में खेलों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आकर्षक आयोजन किया गया। हॉली क्रॉस कॉन्वेंट स्कूल के विद्यार्थियों ने पश्चिम बंगाल की पारंपरिक वेशभूषा में बंगाली गीतों और पश्चिम बंगाल की संस्कृति को प्रदर्शित करते हुए मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने अपनी कला और प्रतिभा का सुंदर प्रदर्शन किया। उर्सुलाइन स्कूल के विद्यार्थियों ने कर्मा नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी, वहीं बिरनीबेड़ा स्कूल के विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ी गीतों पर शानदार नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। साथ ही कार्यक्रम के दौरान सहायक जिला क्रीड़ा अधिकारी एवं मास्टर ऑफ सेरेमनी विकास सिंह के नेतृत्व में मार्च पास्ट का आयोजन किया गया। 

इस समारोह में जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवनारायण यादव, नगर निगम सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, संयुक्त संचालक शिक्षा डॉ. राजेश सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी सरगुजा डॉ. दिनेश झा तथा डीएमसी सर्वजीत पाठक सहित, खेल के नोडल अधिकारी श्री रविशंकर पाण्डेय एवं अन्य अतिथि, अधिकारी, शिक्षक और खेलप्रेमी उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube Reporters Support Directors Live