योगी सरकार पुलिसकर्मियों का भत्ता बढ़ाने और PAC वर्दी बदलने का कर सकती है ऐलान

Editor
4 Min Read

लखनऊ
 पुलिस स्मृति दिवस पर बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पुलिसकर्मियों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कर सकते हैं। इनमें पीएसी की वर्दी में बदलाव, बदायूं में महिला पीएसी बटालियन की स्थापना और पुलिसकर्मियों के पौष्टिक आहार भत्ते में वृद्धि जैसे विषय शामिल हैं। पौष्टिक आहार भत्ते में वर्ष 2021 में 25 प्रतिशत की वृद्धि की गई थी। इसके बाद से इसमें बढ़ोतरी नहीं हुई है। ऐसे में इस बार पुलिसकर्मियों की निगाहें भत्ते में वृद्धि की संभावित घोषणा पर भी टिकी हैं।

पीएसी की वर्दी को लेकर भी बदलाव की तैयारी है। नई वर्दी में सेना और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की तर्ज पर कैमोफ्लाज पैटर्न अपनाने पर विचार किया जा रहा है। इसके साथ ही बदायूं में महिला पीएसी बटालियन की स्थापना को लेकर भी घोषणा की संभावना है। हालांकि, इन विषयों पर अंतिम निर्णय और औपचारिक घोषणा मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान ही स्पष्ट होगी।

पुलिस स्मृति दिवस का मुख्य कार्यक्रम बुधवार को लखनऊ पुलिस लाइन में शाम पौने चार बजे आयोजित होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस अवसर पर कर्तव्य निर्वहन के दौरान बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और उनके स्वजन को सम्मानित करेंगे।

पुलिस स्मृति दिवस 21 अक्टूबर, 1959 को लद्दाख में चीनी सैनिकों के हमले में बलिदान देने वाले सीआरपीएफ के 10 जवानों की स्मृति में मनाया जाता है। एक सितंबर, 2025 से 31 अगस्त, 2026 के बीच देशभर में 154 पुलिसकर्मियों ने कर्तव्य निर्वहन के दौरान प्राण न्योछावर किए। इनमें उत्तर प्रदेश के छह पुलिसकर्मी शामिल हैं।

कर्तव्य निभाते बलिदान हुए छह पुलिसकर्मियों को दी जाएगी श्रद्धांजलि
पुलिस स्मृति दिवस पर उत्तर प्रदेश पुलिस के छह कर्मियों को श्रद्धांजलि दी जाएगी, जिन्होंने कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राण न्योछावर किए। इनमें ग्रेटर नोएडा के अग्निकांड में बलिदान देने वाले फायर सर्विस चालक तीर्थपाल सिंह और फायरमैन रोहित यादव तथा जालौन के चार पुलिसकर्मी शामिल हैं। लखनऊ पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शाम पौने चार बजे श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और बलिदानियों के स्वजन को सम्मानित करेंगे।

इस वर्ष चार अगस्त को ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-तीन क्षेत्र स्थित ईलजिन इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी में भीषण आग लग गई थी। अग्निशमन अभियान के दौरान कंपनी की दीवार अचानक ढहकर वाहनों पर गिर गई। मलबे में दबने से फायर सर्विस चालक तीर्थपाल सिंह और फायरमैन रोहित यादव गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उपचार के दौरान दोनों की मृत्यु हो गई थी।

वहीं, पांच मई को जालौन के उरई कोतवाली में दर्ज अपहरण के मामले में अपहृत की बरामदगी के लिए जा रहे चार पुलिसकर्मियों की हरियाणा के नूंह जिले में सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। इनमें उपनिरीक्षक मोहित कुमार यादव, उपनिरीक्षक सत्यभान सिंह, आरक्षी अशोक कुमार और आरक्षी प्रदीप कुमार शामिल थे। केएमपी हाईवे पर धुलावट टोल प्लाजा के पास उनकी स्कार्पियो आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई थी।

TAGGED: ,
Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube Reporters Support Directors Live