प्रेगनेंसी के बाद टूटा रिश्ता, ट्विशा ने छोड़ा ससुराल; चार्जशीट में शादी से मौत तक की पूरी कहानी

Editor
7 Min Read

भोपाल 

एक्ट्रेस व मॉडल ट्विशा शर्मा के भोपाल के बहुचर्चित केस में सीबीआइ ने चार्जशीट प्रस्तुत कर दी है जांच में यह सामने आया है कि ट्विशा का अपनी सास रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह और पति समर्थ सिंह से भरोसा पूरी तरह से खत्म हो गया था। उसने मानसिक रूप से टूट जाने का हिंट भी दे दिया था। गर्भपात का फैसला उसी की एक कड़ी है, क्योंकि उसे लगता था कि जन्म लेने के बाद वे बच्चा छीन लेंगे और उसे पागल घोषित करवा देंगे। पति और सास मिलकर यह साजिश कर सकते हैं, इस संबंध में ट्विशा ने अपनी भाभी से कहा था।
भोपाल में मॉडल-एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में CBI की 636 पन्नों की चार्जशीट में शादी के बाद उनके जीवन के आखिरी महीनों की घटनाओं का सिलसिलेवार उल्लेख किया गया है। जांच के मुताबिक ट्विशा और समर्थ सिंह की मुलाकात फरवरी 2025 में ऑनलाइन डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी। मार्च में ट्विशा ने परिवार को समर्थ से रिश्ते और शादी की इच्छा के बारे में बताया। दोनों परिवारों की सहमति के बाद दिसंबर 2025 में दोनों की शादी हुई।

शादी के बाद पुराने रिश्तों को लेकर ताने

CBI के मुताबिक शादी के बाद ट्विशा को पति समर्थ की ओर से कथित मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा। चार्जशीट में आरोप है कि समर्थ उनके पुराने रिश्तों को लेकर अपमानजनक टिप्पणियां करता था। जांच में ऐसे बयानों का भी उल्लेख है, जिनसे ट्विशा मानसिक रूप से परेशान हुईं।

12 मई को ट्विशा शर्मा की भोपाल के कटारा हिल्स स्थित ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। मामले की जांच सीबीआई कर रही है। मौत से पहले ट्विशा ने अपने पिता से पैसे मंगाए और पार्लर चली गई थी। सीबीआइ की चार्जशीट में भी इसका जिक्र है। इसमें कहा गया है कि ट्विशा जब घर लौटी तो सास व पति लॉन में थे। उसने बात करने की कोशिश की तो उपेक्षापूर्ण व्यवहार किया।

उपेक्षा से पूरी तरह टूट गई थी ट्विशा
घटनावाली रात में भी पति समर्थ सिंह ने ट्विशा को खूब अपमानित किया। चार्जशीट में सीबीआइ ने कहा है, दोनों अभियुक्तों की ओर से लगातार मानसिक क्रूरता के कारण ट्विशा के पास अपनी जिंदगी खत्म करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा था।

भाभी से यह दावा किया कि पति व सास उसे पागल बना देना चाहते हैं
सीबीआइ ने अपनी रिपोर्ट में ट्विशा व उसकी भाभी राशि अबरोल के बीच चैट का उल्लेख किया है। इसमें ट्विशा ने जेठानी को बांझ बनाने की बात लिखी थी। ट्विशा शर्मा को अपने पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह द्वारा उसे पागल बना देने की साजिश करने की भी आशंका थी। उसने अपनी भाभी से यह दावा किया था कि पति व सास उसे पागल बना देना चाहते हैं। इसलिए ड्रग्स के आरोप लगाए।

गर्भपात इसलिए करवा रही
ट्विशा शर्मा ने एक चैट में लिखा था, गर्भपात इसलिए करवा रही है क्योंकि डर है कि बच्चे के पैदा होने पर यह उसे छीन लेंगे और उसे पागल घोषित करवा देंगे। ट्विशा ने साफ शब्दों में कहा कि बच्चा छीनकर वे मुझे पागल बना देंगे।

ट्विशा के साथ बहुत क्रूरता की गई
पीड़िता ट्विशा शर्मा के चचेरे भाई आशीष शर्मा ने CBI द्वारा चार्जशीट सौंपने के बाद कहा कि हालांकि दस्तावेजों की अभी भी समीक्षा की जा रही है लेकिन यह स्पष्ट हो गया है कि ट्विशा के साथ बहुत क्रूरता की गई थी। CBI ने गहन जांच के लिए कोर्ट से अनुमति भी मांगी है।

प्रेग्नेंसी के बाद बढ़ा तनाव
चार्जशीट के अनुसार अप्रैल 2026 में ट्विशा की प्रेग्नेंसी सामने आने के बाद दंपती के बीच विवाद बढ़ गया। 16 अप्रैल को ट्विशा ने वैवाहिक घर में प्रताड़ित किए जाने की बात बताते हुए गर्भपात की दवा लेने की जानकारी दी थी। अगले दिन वह और समर्थ गर्भावस्था की पुष्टि के लिए हजेला अस्पताल पहुंचे थे।

CBI के अनुसार गर्भावस्था अनियोजित थी। समर्थ ने इसकी जानकारी अपनी मां गिरिबाला सिंह को दी। इसके बाद 17 अप्रैल को पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। चार्जशीट में आरोप है कि इस दौरान समर्थ ने ट्विशा के साथ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया।

17 अप्रैल को मायके चली गईं ट्विशा
जांच के मुताबिक लगातार मानसिक प्रताड़ना के बीच ट्विशा 17 अप्रैल को ससुराल छोड़कर अपने माता-पिता के पास राजस्थान चली गई थीं। उन्होंने अपनी मां को बताया था कि समर्थ से विवाद के बाद उन्होंने घर छोड़ा है।

CBI के अनुसार जब ट्विशा सास गिरिबाला सिंह से समर्थ की कथित प्रताड़ना की शिकायत करती थीं, तो वह कथित तौर पर अपने बेटे का पक्ष लेती थीं। जांच एजेंसी ने दोनों आरोपियों पर ट्विशा को मानसिक और मनोवैज्ञानिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं।

नौकरी और अंग्रेजी को लेकर भी कथित ताने
चार्जशीट में ट्विशा की नौकरी और आर्थिक स्थिति का भी जिक्र है। वह मार्च 2025 में DADB कंपनी में ऑन-बोर्डिंग एंड कम्युनिकेशन मैनेजर के तौर पर जुड़ी थीं। सितंबर 2025 में कंपनी का संचालन अस्थायी रूप से रुकने के बाद उनकी सैलरी का भुगतान नहीं हो सका था। इसी दौरान उन्हें अंग्रेजी को लेकर भी कथित अपमानजनक टिप्पणियों का सामना करना पड़ा।

12 मई की रात ससुराल में मिली थीं मृत
ट्विशा 12 मई 2026 की रात ससुराल में मृत मिली थीं। CBI ने मामले में पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह को आरोपी बनाया है। दोनों के खिलाफ BNS की धारा 80(2), 85, 108 और 3(5) के साथ दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धाराओं में आरोप लगाए गए हैं। चार्जशीट में मानसिक-शारीरिक प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने से जुड़े आरोपों का उल्लेख किया गया है।

TAGGED: ,
Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube Reporters Support Directors Live