भिवानी अस्पताल की छत गिरने के मामले में जांच के आदेश, दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई

Editor
2 Min Read

भिवानी.

चौधरी बंसीलाल सामान्य अस्पताल में फाल सीलिंग गिरने से घायल हुए विद्या नगर निवासी के उपचार और घटना की जांच का मामला समाधान शिविर में भी गूंजा। लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए सभागार में आयोजित समाधान शिविर के दौरान गैर सरकारी सदस्य सुनील वर्मा नंबरदार ने इस मामले को उठाते हुए घायल व्यक्ति को उचित उपचार और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग रखी।

इस पर डीडीपीओ सोमबीर कादयान ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। हालांकि पिछले दिनों भिवानी दौरे पर आई स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने भी इस मामले की जांच के निर्देश दिए थे।

अचानक गिरा था फॉल सीलिंग का हिस्सा
बीती नौ जुलाई को चौधरी बंसीलाल सामान्य अस्पताल में फॉल सीलिंग का हिस्सा अचानक गिर गया था, जिससे विद्या नगर निवासी एक व्यक्ति घायल हो गया था। घटना के बाद अस्पताल की व्यवस्थाओं और भवन की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े हुए थे। इस मामले को दैनिक जागरण ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था, जिसके बाद विभिन्न सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने भी प्रशासन से कार्रवाई की मांग की। डीडीपीओ ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य अधिकारियों को पूरे प्रकरण की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

समाधान शिविर में अन्य जनसमस्याओं पर भी सुनवाई की गई। इस दौरान पूर्व पार्षद ईश्वर मान, वार्ड नंबर दो के पार्षद संदीप यादव सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने बिजली, सफाई, अवैध कब्जे, सड़क, प्रधानमंत्री आवास योजना, पीपीपी, सोलर सब्सिडी और अन्य विकास कार्यों से संबंधित शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के अलावा गैर सरकारी सदस्य अजीत शेखावत, केके ग्रोवर, रमेश लालावास, अनिल सोलंकी व रामकिशन हालुवासिया मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube Reporters Support Directors Live