कर कानूनों में बदलाव पर भोपाल में राष्ट्रीय मंथन, 600 से अधिक सीए हुए शामिल

Editor
3 Min Read

भोपाल

कर कानूनों में लगातार हो रहे बदलाव, न्यायिक निर्णयों और कर अनुपालन की जटिलताओं पर देशभर के विशेषज्ञों ने शनिवार को भोपाल में गहन मंथन किया। द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) की डायरेक्ट टैक्सेस कमेटी द्वारा आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी ‘प्रारंभ : व्हेयर द जर्नी टू एक्सीलेंस बिगिन्स’ का होटल कोर्टयार्ड बाय मैरियट में शुभारंभ हुआ। मध्य भारत क्षेत्रीय परिषद (CIRC) की भोपाल शाखा की मेजबानी में आयोजित संगोष्ठी में मध्यप्रदेश सहित देश के विभिन्न हिस्सों से 600 से अधिक चार्टर्ड अकाउंटेंट्स एवं कर विशेषज्ञ शामिल हुए।

संगोष्ठी के पहले दिन प्रत्यक्ष कर से जुड़े कई महत्वपूर्ण और समसामयिक विषयों पर तकनीकी सत्र आयोजित किए गए। विशेषज्ञों ने आयकर कानूनों में हुए संशोधनों, न्यायालयों के महत्वपूर्ण फैसलों तथा टैक्स ऑडिट में सामने आने वाली सामान्य गैर-अनुपालन की स्थितियों पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम का उद्देश्य चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को कर कानूनों में हो रहे बदलावों की व्यावहारिक एवं तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराना रहा।

सुप्रीम कोर्ट के फैसलों से नए कर प्रावधानों तक चर्चा

पहले तकनीकी सत्र में ‘इनकम टैक्स एक्ट के अंतर्गत सुप्रीम कोर्ट एवं हाईकोर्ट के ऐतिहासिक निर्णय’ विषय पर सीए (डॉ.) कपिल गोयल ने न्यायिक निर्णयों का तकनीकी विश्लेषण प्रस्तुत किया।

इसके बाद ‘फाइनेंस एक्ट 2026 के मुख्य बिंदु एवं आयकर अधिनियम संशोधन 2025’ विषय पर सीए प्रमोद कुमार ने नए कर प्रावधानों और उनके व्यावहारिक प्रभावों पर जानकारी दी। तीसरे सत्र में ‘टैक्स ऑडिट रिपोर्ट में सामान्य गैर-अनुपालन’ विषय पर सीए पंकज शाह ने टैक्स ऑडिट प्रक्रिया से जुड़ी कानूनी बारीकियों और सामान्य त्रुटियों पर चर्चा की।

सांसद आलोक शर्मा ने किया औपचारिक शुभारंभ

राष्ट्रीय संगोष्ठी के औपचारिक उद्घाटन सत्र में भोपाल सांसद आलोक शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने मंचासीन अतिथियों के साथ दीप प्रज्वलित कर दो दिवसीय आयोजन का विधिवत शुभारंभ किया।

सम्मेलन का मार्गदर्शन डायरेक्ट टैक्सेस कमेटी के उपाध्यक्ष सीए पंकज शाह तथा कॉन्फ्रेंस डायरेक्टर एवं पीडीसी अध्यक्ष सीए अभय छाजेड़ कर रहे हैं।

भोपाल शाखा की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका

संगोष्ठी के आयोजन में आईसीएआई भोपाल शाखा के अध्यक्ष एवं सम्मेलन समन्वयक सीए आदित्य श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष सीए प्रदीप मुटरेजा, सचिव सीए अभिषेक जैन, कोषाध्यक्ष सीए नंदन नरुला, सिकासा अध्यक्ष सीए पीयूष चतर तथा कार्यसमिति सदस्य सीए अर्पित राय एवं सीए सुचिता गोयल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

आज अंतर्राष्ट्रीय कराधान और सर्च-सीजर पर होगा मंथन

दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का समापन 9 अगस्त को होगा। दूसरे दिन अंतर्राष्ट्रीय कराधान, सर्च एवं सीजर सहित प्रत्यक्ष कर से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें देशभर से आए विशेषज्ञ कर कानूनों के बदलते स्वरूप और उनके व्यावहारिक पहलुओं पर चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के साथ विचार-विमर्श करेंगे।

TAGGED: ,
Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube Reporters Support Directors Live