पंजाब निकाय चुनाव के बीच ED की बड़ी कार्रवाई, रॉयल एस्टेट ऑफिस में छापेमारी

Editor
2 Min Read

चंडीगढ़.

पंजाब नगर परिषद चुनाव के बीच जीरकपुर से एक बड़ी खबर सामने आई है। शहर स्थित रॉयल एस्टेट के दफ्तर पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा छापेमारी किए जाने की सूचना है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है और राजनीतिक व कारोबारी हलकों में हलचल मच गई है।

मिली जानकारी के अनुसार ईडी की टीम सुबह करीब साढ़े सात बजे से रॉयल एस्टेट कार्यालय में मौजूद है और वहां रखे दस्तावेजों, रिकॉर्ड तथा अन्य जरूरी कागजातों की जांच-पड़ताल की जा रही है। सूत्रों के अनुसार टीम द्वारा विभिन्न दस्तावेजों को खंगाला जा रहा है और मामले से जुड़े पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है।

कांसल परिवार से जुड़ा मामला
भरोसेमंद सूत्रों से मिल रही जानकारी के मुताबिक यह कार्रवाई रॉयल एस्टेट के मालिक प्रवीण रोकी कांसल और नीरज कांसल से जुड़े मामलों को लेकर बताई जा रही है। हालांकि आधिकारिक स्तर पर अभी तक ईडी की ओर से कोई बयान जारी नहीं किया गया है। सूत्रों का यह भी दावा है कि चंडीगढ़ के सेक्टर-20 स्थित प्रवीण कांसल के आवास पर भी ईडी की टीम द्वारा कार्रवाई की जा रही है।

चुनावों के बीच कार्रवाई पर उठे सवाल
इस रेड को लेकर ईडी की तरफ से आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है। चुनाव के दौरान हुई इस कार्रवाई ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर में लोग इस घटनाक्रम को लेकर अलग-अलग तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। फिलहाल सभी की निगाहें ईडी की आधिकारिक जानकारी और आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

TAGGED:
Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube Reporters Support Directors Live