इंदौर को मिली जिला अस्पताल का 300 बिस्तरीय नवनिर्मित भवन सौगात : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

Editor
6 Min Read
इंदौर को मिली जिला अस्पताल का 300 बिस्तरीय नवनिर्मित भवन सौगात : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
WhatsApp Share on WhatsApp
add_action('wp_footer', 'jazzbaat_new_version_modal'); function jazzbaat_new_version_modal() { ?>
SW24news • Beta

भोपाल

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश में सभी क्षेत्रों में विकास के प्रयास किए जा रहे हैं। आमजन के लिए अनेक प्रकार की सुविधाओं का विस्तार हो रहा हैं। भवनों का निर्माण भी निरंतर किया जा रहा है। भवनों के निर्माण में गुणवत्ता का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है। जिला अस्पताल का नवनिर्मित भवन भी इंदौर को प्राप्त ऐसी ही नई सौगात है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विश्वास व्यक्त किया कि यह अस्पताल नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बुधवार को इंदौरवासियों को स्वास्थ्य क्षेत्र की एक बड़ी सौगात देते हुए मध्यप्रदेश गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल द्वारा लगभग 83.13 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 300 बिस्तरीय अत्याधुनिक जिला अस्पताल भवन का लोकार्पण किया। धार रोड स्थित लगभग 3.40 एकड़ भूमि पर निर्मित यह जी+4 मंजिला अस्पताल भवन लगभग 2 लाख वर्गफीट क्षेत्रफल में विकसित किया गया है। आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से सुसज्जित यह अस्पताल इंदौर ही नहीं, बल्कि आसपास के जिलों के मरीजों को भी बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराएगा।

स्वास्थ्य क्षेत्र में निरंतर आगे है हमारा  प्रदेश

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बदलते दौर  का भारत हर क्षेत्र में विशिष्ट पहचान बना रहा है। प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी ने 12 वर्ष की अवधि में सभी क्षेत्रों में बेमिसाल कार्य कर दिखाया है। हमारी अर्थव्यवस्था नए आयाम प्राप्त कर रही  है। विभिन्न योजनाओं के माध्यम से स्वास्थ्य के क्षेत्र में नागरिकों को अनेक सुविधाएं दी जा रही हैं। नागरिकों को बड़ी संख्या में उपचार की विभिन्न योजनाओं का लाभ मिल रहा है। मध्यप्रदेश में 2003 तक सिर्फ 5 मेडिकल कॉलेज थे, इसके पूर्व के 55 वर्ष में इतनी ही प्रगति हो पाई थी। सीटों की संख्या भी मात्र 500 थी। वर्तमान में प्रदेश में साढ़े पांच हजार सीट्स और 33 मेडिकल कॉलेज हो गए हैं। प्रदेश में शीघ्र ही मेडिकल कॉलेज की संख्या 52 हो जाएगी। मध्यप्रदेश एकमात्र राज्य है जो ऐसे विद्यार्थियों जो नीट परीक्षा में क्लियर होने के बाद शासकीय मेडिकल कॉलेज के अलावा निजी मेडिकल कॉलेज या समकक्ष संस्था में जाना चाहते हैं, उन्हें राज्य सरकार शिक्षण शुल्क प्रदान करेगी।

अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित अस्पताल

चार मंजिला आधुनिक अस्पताल भवन में मरीजों की सुविधा के लिए अत्याधुनिक चिकित्सा एवं डायग्नोस्टिक सुविधाएँ विकसित की गई हैं। अस्पताल में ओपीडी के साथ-साथ मेडिसिन एवं सर्जिकल विभाग, गायनिक वार्ड एवं ऑपरेशन थिएटर, पीडियाट्रिक क्षेत्र, डायलिसिस यूनिट, आधुनिक नर्सिंग कॉल सिस्टम, पैथोलॉजी लैब, डिजिटल एक्स-रे, सीटी स्कैन, एमआरआई एवं सोनोग्राफी जैसी अत्याधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं। वर्तमान में गायनिक सेवाएँ, एमआरआई, सीटी स्कैन तथा एक्स-रे सेवाएँ प्रारंभ भी हो चुकी हैं।

चन्दन नगर से एयरपोर्ट रोड़ के निर्माण को मिली स्वीकृति

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इंदौर का जिला अस्पताल आम जनता के लिए उपयोगी सिद्ध होगा। लोकमाता देवी अहिल्या बाई होल्कर की नगरी इंदौर में सेवा और सुशासन का एक नया मंदिर बनेगा। नगर के वर्तमान स्वास्थ्य क्षेत्र की आवश्यकताओं की पूर्ति में यह अस्पताल महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इंदौर के समग्र विकास के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयासरत है। प्रदेश के प्रत्येक नागरिक के स्वास्थ्य, कल्याण एवं समृद्धि के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा विभिन्न विकास कार्य किये जा रहे हैं। सभी नागरिकों के निरोगी रहने और कल्याण की भावना के साथ राज्य सरकार कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने चन्दन नगर से एयरपोर्ट रोड के निर्माण की स्वीकृति प्रदान की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इंदौर से अबूधाबी की फ्लाइट शुरू होना, प्रदेश में विमानन सुविधाओं के विस्तार का उदाहरण है। प्रधानमंत्री  मोदी के आशीर्वाद से इंदौर और संपूर्ण मध्यप्रदेश सभी क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है।

विधानसभा के वर्षाकालीन सत्र में यूसीसी लागू करने की प्रक्रिया को बढ़ाया जायेगा आगे

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने के पूर्व व्यापक जनसंवाद किया जायेगा। विशेष समिति के गठन के बाद 10 लाख से ज्यादा सुझाव सभी 55 जिलों से समिति को मिले। सभी राजनीतिक दलों, धर्मों और समुदायों से सुझाव प्राप्त किए गए।सर्वसम्मति से यह व्यवस्था लागू होगी। विधानसभा के वर्षाकालीन सत्र के माध्यम से आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर यू.सी.सी. लागू करने का महत्वपूर्ण कार्य भी शीघ्र होने जा रहा है। सभी नागरिकों के लिए समान नियमों और कानून का पालन करना आवश्यक है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कृषक कल्याण वर्ष में किसानों के हित में अनेक प्रयास किए जा रहे हैं। युवाओं के कौशल विकास और रोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से हाल ही में टेक ग्रोथ कॉन्क्लेव 3.0 आयोजित की गई।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इंदौर में 300 बिस्तर वाले जिला अस्पताल का लोकार्पण किया। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम' के सामूहिक गायन से हुआ। एमवाय अस्पताल के बाद इंदौर में सबसे बड़े जिला अस्पताल की सौगात मिलने पर बड़ी संख्या में उपस्थित जन समुदाय ने भी हर्ष व्यक्त किया।

कार्यक्रम को नगरीय विकास और आवास मंत्री  कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री  तुलसीराम सिलावट, महापौर इंदौर  पुष्यमित्र भार्गव ने भी संबोधित किया। 

TAGGED:
Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *