खंडवा के पेट्रोल पंप पर गुंडागर्दी, कर्मचारी से मारपीट

Editor
3 Min Read

खंडवा

जिले के छैगांवमाखन स्थित जीओबीपी पेट्रोल पंप पर शुक्रवार देर रात पेट्रोल पहले भरवाने की बात को लेकर जमकर विवाद हो गया। दो युवकों द्वारा पेट्रोल पंप कर्मचारी के साथ मारपीट किए जाने और बीच-बचाव करने पहुंचे ग्राहकों से भी गाली-गलौज व धक्का-मुक्की करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पंप कर्मचारियों और ग्राहकों में डर का माहौल बन गया। मामले की शिकायत छैगांवमाखन थाने में दर्ज कराई गई है।

जानकारी के अनुसार पंप कर्मचारी संतोष एक बस में डीजल भर रहा था। इसी दौरान दो युवक वहां पहुंचे और अपनी गाड़ी में पहले पेट्रोल डालने की बात कहने लगे। कर्मचारी ने उनसे कुछ देर इंतजार करने का अनुरोध किया। कहा कि बस में डीजल भरने के बाद उनकी गाड़ी में पेट्रोल डाल दिया जाएगा। इसी बात को लेकर दोनों युवक भड़क गए और विवाद शुरू कर दिया।

अफरा-तफरी का बन गया माहौल

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवकों ने पहले कर्मचारी के साथ गाली-गलौज की और फिर धक्का-मुक्की करते हुए मारपीट शुरू कर दी। विवाद बढ़ता देख वहां मौजूद कुछ ग्राहक बीच-बचाव करने पहुंचे, लेकिन आरोप है कि युवकों ने उनके साथ भी अभद्रता की और धक्का-मुक्की की। घटना के दौरान कुछ देर के लिए पंप पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

आए दिन हो रहे विवाद और हंगामे

जानकारी के अनुसार विवाद करने वाले युवक बरुड़ गांव के निवासी विशाल और रोहित बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पेट्रोल पंप प्रबंधन द्वारा मामले की शिकायत छैगांवमाखन थाने में दर्ज कराई गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

पेट्रोल पंप संचालक ओम सोनी ने बताया कि उनके पंप पर आए दिन असामाजिक तत्वों द्वारा विवाद और हंगामे की घटनाएं होती रहती हैं। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी पंप पर चाकूबाजी जैसी गंभीर घटना हो चुकी है, जिससे कर्मचारी भय के माहौल में काम करने को मजबूर हैं। संचालक ने पुलिस प्रशासन से पंप पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube Reporters Support Directors Live