First Hydrogen Train: पीएम मोदी की जींद रैली बनेगी इको-फ्रेंडली, इलेक्ट्रिक वाहनों से पहुंचेंगे कार्यकर्ता, खास है प्लान

Editor
3 Min Read

जींद
हरियाणा बीजेपी अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने जींद में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी दौरे और हाइड्रोजन ट्रेन परियोजना लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को हरियाणा के जींद जिले से देश को एक बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। इस दौरान दुनिया की सबसे शक्तिशाली और आधुनिक हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाई जाएगी, जो देश के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि होगी। डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री का जींद दौरा पूरे हरियाणा के लिए गर्व और खुशी का अवसर है। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों में खासा उत्साह है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण करेंगे, जबकि कुछ नई परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। इससे हरियाणा के विकास को नई गति मिलेगी।

बीजेपी ने की तैयारियां
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए बीजेपी संगठन की ओर से व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। सभी जिलों में बड़ी स्क्रीन लगाकर कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जाएगा, ताकि प्रदेश के अधिक से अधिक लोग प्रधानमंत्री के संबोधन और कार्यक्रम से जुड़ सकें। उन्होंने बताया कि जिला अध्यक्षों और विधायकों को इसकी जिम्मेदारी दी गई है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को कार्यक्रम से जोड़ें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम को लेकर पर्यावरण संरक्षण का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है। डॉ. अर्चना गुप्ता ने बताया कि यह रैली पूरी तरह पर्यावरण अनुकूल तरीके से आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि आयोजन में डीजल और पेट्रोल से चलने वाले वाहनों का इस्तेमाल कम से कम किया जाएगा।

इलेक्ट्रिक वाहनों का होगा इस्तेमाल
उन्होंने बताया कि कार्यकर्ताओं और आम लोगों को इलेक्ट्रिक वाहनों, ई-रिक्शा, ई-स्कूटी और सीएनजी बसों के माध्यम से पहुंचने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी की कोशिश है कि यह कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दे। उन्होंने बताया कि स्थानीय कार्यकर्ताओं के अलावा युवा साथी पैदल भी कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक कारों का भी इस्तेमाल किया जाएगा ताकि प्रदूषण को कम किया जा सके और प्रधानमंत्री के पर्यावरण संरक्षण के संदेश को आगे बढ़ाया जा सके।

आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम
डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि हाइड्रोजन ट्रेन देश की तकनीकी प्रगति और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत लगातार नई तकनीकों को अपना रहा है और रेलवे के क्षेत्र में भी बड़े बदलाव किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जींद जिले के लिए यह गौरव का विषय है कि इतनी बड़ी परियोजना से जुड़ा कार्यक्रम यहां आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इससे हरियाणा की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत होगी।

TAGGED: ,
Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube Reporters Support Directors Live