घरेलू विवाद में पिता ने बेटी की ली जान, पत्नी के डेढ़ साल से न लौटने पर उठाया खौफनाक कदम

Editor
3 Min Read

पटियाला.

पंजाब के पटियाला के अंतर्गत आते राजपुरा के नजदीक अलीपुर गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां घरेलू विवाद के चलते एक पिता ने अपनी ही 12 साल की बेटी की हत्या कर दी। इस वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है और लोगों में गहरा आक्रोश और दुख देखने को मिल रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार, आरोपित और उसकी पत्नी के बीच पिछले काफी समय से घरेलू झगड़ा चल रहा था। करीब डेढ़ साल पहले विवाद इतना बढ़ गया कि पत्नी अपने मायके जाकर अलग रहने लगी। इसके बाद से ही आरोपित लगातार पत्नी को वापस घर लाने के लिए दबाव बना रहा था। सूत्रों के अनुसार, आरोपित ने पत्नी को कई बार धमकियां दीं कि अगर वह वापस नहीं आई तो वह उनकी बेटी को नुकसान पहुंचा देगा। हालांकि इन धमकियों के बावजूद महिला वापस नहीं लौटी।

गुस्साए आरोपित ने बेटी की कर दी हत्या
आरोप है कि इसी गुस्से और मानसिक तनाव में आकर आरोपित ने अपनी ही 12 वर्षीय बेटी की हत्या कर दी। इतना ही नहीं, हत्या के बाद आरोपित ने मामले को छिपाने के लिए बच्ची का अंतिम संस्कार भी कर दिया। इस पूरी घटना का खुलासा तब हुआ जब पीड़ित महिला ने पुलिस को शिकायत दी और पूरे मामले की जानकारी दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना से जुड़े सभी तथ्यों को सामने लाया जा सके।

परिवार में था तनाव भरा माहौल
स्थानीय लोगों के अनुसार, परिवार में लंबे समय से तनाव का माहौल था, लेकिन किसी ने इस बात की कल्पना नहीं की थी कि मामला इतना भयावह रूप ले लेगा। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक और डर का माहौल है। पुलिस का कहना है कि आरोपित को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं।

TAGGED:
Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube Reporters Support Directors Live