मध्यप्रदेश पुलिस की मोबाइल चोर गिरोह पर प्रभावी कार्रवाई

Editor
5 Min Read

भोपाल 

मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए प्रदेशभर में लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इन्हीं कार्यवाहियों के तहत प्रदेश के विभिन्न जिलों एवं जीआरपी द्वारा तकनीकी संसाधनों, CEIR पोर्टल, तकनीकी विश्लेषण एवं साइबर सेल के माध्यम से उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की गई है। माह में अब तक विभिन्न कार्रवाइयों के दौरान गुम/चोरी हुए 1,899 मोबाइल फोन जब्‍त कर उनके वास्तविक स्वामियों को वापस सौंपे गए। इन कार्रवाहियों के दौरान न केवल गुम मोबाइल फोन की तलाश कर उन्हें नागरिकों को वापस किया गया, बल्कि मोबाइल चोरी करने वाले अपराधियों एवं अंतरराज्यीय गिरोहों के विरुद्ध भी प्रभावी कार्रवाई की गई है।

सीहोर- 493 गुम मोबाइल फोन जब्‍त

सीहोर पुलिस ने करीब 78 लाख रुपये कीमत के 493 गुम मोबाइल फोन जब्‍त किए हैं। इनमें से 260 मोबाइल फोन पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान तथा 233 मोबाइल फोन संबंधित थानों के माध्यम से उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे।

देवास- अंतरराज्यीय संगठित गिरोह का पर्दाफाश कर 400 मोबाइल फोन जब्‍त

देवास पुलिस ने मोबाइल चोरी के एक मामले की जांच के दौरान पांच राज्यों के 22 जिलों में फैली सैकड़ों मोबाइल चोरियों का खुलासा किया। पुलिस ने अंतरराज्यीय संगठित गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लगभग 1 करोड़ 5 लाख रुपये कीमत के 400 मोबाइल फोन तथा 6 लाख रुपये नगद जब्त किए हैं।

छतरपुर- 256 मोबाइल फोन नागरिकों को लौटाए

छतरपुर पुलिस ने ऑपरेशन विश्वास के तहत 256 गुम हुए मोबाइल फोन तलाश कर उनके वास्तविक धारकों को वापस किए। जब्‍त मोबाइल फोन में विभिन्न कंपनियों के स्मार्टफोन शामिल हैं। मोबाइल फोन वापस मिलने से छात्र-छात्राओं, किसानों, श्रमिकों, व्यवसायियों, कर्मचारियों एवं गृहणियों सहित विभिन्न वर्गों के नागरिकों ने पुलिस का आभार व्‍यक्‍त किया है।

राजगढ़ – 251 गुम मोबाइल फोन जब्‍त

राजगढ़ पुलिस की साइबर सेल ने सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत CEIR पोर्टल एवं तकनीकी सहायता से 251 गुम हुए मोबाइल फोन जब्‍त किए। इन मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत लगभग 41 लाख 34 हजार 480 रुपये है।

सतना – 245 गुम एवं चोरी के मोबाइल फोन जब्‍त

सतना पुलिस ने CEIR पोर्टल एवं तकनीकी विश्लेषण की सहायता से 245 गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन जब्‍त कर उनके वास्तविक धारकों को लौटाए।

जबलपुर-152 गुम मोबाइल फोन जब्‍त

जबलपुर पुलिस ने CEIR पोर्टल की सहायता से 152 गुम मोबाइल फोन तलाशकर उनके वास्‍तविक मालिकों को लौटाए। जब्‍त मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये है।

इंदौर- 59 मोबाइल फोन जब्‍त

थाना तिलक नगर पुलिस ने CEIR पोर्टल की सहायता से 2 मोबाइल, खजराना पुलिस ने 7 मोबाइल तथा थाना लसूड़िया पुलिस ने 11 लाख रुपये से अधिक कीमत के 50 गुम हुए मोबाइल फोन जब्‍त कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस किए। इस प्रकार इंदौर पुलिस ने तीनों कार्रवाई में 59 मोबाइल फोन जब्‍त किए।

दतिया- 30 चोरी के मोबाइल फोन जब्‍त

दतिया पुलिस ने थाना कोतवाली क्षेत्र में मोबाइल दुकान से 42 मोबाइल फोन चोरी होने की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने लगभग 10 लाख रुपये कीमत के चोरी हुए 30 मोबाइल फोन जब्‍त किए हैं। शेष मोबाइल फोन की जब्‍तगी के प्रयास जारी हैं।

ग्वालियर जीआरपी

जीआरपी ग्वालियर (बीजी) ने ट्रेनों, रेलवे स्टेशनों एवं आउटर क्षेत्रों में मोबाइल चोरी करने वाले अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई करते तीन आरोपियों से 4 गुम मोबाइल फोन एवं नकदी सहित कुल 1 लाख 13 हजार 299 रुपये की संपत्ति जब्‍त की। वहीं, जीआरपी ग्वालियर (एनजी) ने एक आरोपी से 9 मोबाइल फोन जब्‍त किए हैं। इस प्रकार जीआरपी ने दोनों मामलों में गुम हुए 13 मोबाइल फोन जब्‍त किए।

मोबाइल गुम होने पर CEIR पोर्टल पर करें पंजीकरण

मध्यप्रदेश पुलिस नागरिकों से अपील करती है कि मोबाइल फोन गुम अथवा चोरी होने की स्थिति में तत्काल संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराएं तथा CEIR पोर्टल पर मोबाइल का IMEI नंबर दर्ज कर उसे ब्लॉक एवं ट्रेस कराने की प्रक्रिया अपनाएं। साथ ही नागरिक किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा भेजे गए संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें, अनजान APK फाइल डाउनलोड न करें तथा मोबाइल अथवा बैंकिंग संबंधी जानकारी किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ साझा न करें।

 

TAGGED: ,
Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube Reporters Support Directors Live