पीलूखेड़ी में उद्योगपतियों की समस्याओं के समाधान के संभाग आयुक्त ने दिए निर्देश

Editor
4 Min Read

पीलूखेड़ी में उद्योगपतियों की समस्याओं के समाधान के संभाग आयुक्त ने दिए निर्देश

मूलभूत सुविधाएं, सुरक्षा व्यवस्था और अधोसंरचना सुदृढ़ करने के लिए समन्वित कार्रवाई करें

स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ने और नए निवेश की संभावनाओं को बढ़ावा देने पर जोर

भोपाल

    मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को राजगढ़ जिले के औद्योगिक क्षेत्र पीलूखेड़ी में ‘उद्यम संवाद’ आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संभाग आयुक्त भोपाल कर्मवीर शर्मा ने की। उन्होंने उद्योगपतियों एवं उद्यमियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने तथा संबंधित अधिकारियों से जानकारी लेते हुए समस्याओं के निराकरण और औद्योगिक क्षेत्र में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए।

    संभाग आयुक्त कर्मवीर शर्मा ने निर्देश दिए कि पीलूखेड़ी औद्योगिक क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं, अधोसंरचना एवं सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने उद्योगपतियों द्वारा रखी गई समस्याओं को प्राथमिकता से लेते हुए उनके निराकरण की दिशा में प्रभावी कार्यवाही करने पर जोर दिया।

    उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान का उद्देश्य उद्योग एवं व्यवसाय से जुड़े लोगों के साथ निरंतर संवाद स्थापित करना, उनकी समस्याओं को समझना तथा उनका समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करना है। उद्योगों के विकास के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना शासन की प्राथमिकता है।

जलापूर्ति, सीसीटीवी, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस की सुविधाओं पर निर्देश

    उद्यम संवाद में उद्योगपतियों ने पीलूखेड़ी औद्योगिक क्षेत्र में रेसाई डैम से जलापूर्ति, सीसीटीवी कैमरों की स्थापना, फायर ब्रिगेड एवं एंबुलेंस की सुविधा, उप स्वास्थ्य केंद्र, पर्याप्त स्ट्रीट लाइट तथा महिला कर्मचारियों की सुरक्षा से जुड़े विषय संभाग आयुक्त के समक्ष रखे।

    संभाग आयुक्त शर्मा ने इन विषयों पर संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की तथा औद्योगिक क्षेत्र की सुरक्षा और आवश्यक सेवाओं को मजबूत करने के लिए समन्वित रूप से कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

    उद्योगपतियों ने कर्मचारियों से संबंधित कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ) कार्यालय ग्वालियर में होने से दूरी के कारण आ रही कठिनाइयों से भी अवगत कराया और ईपीएफ से संबंधित सुविधाओं के दृष्टिगत कार्यालय भोपाल में स्थानांतरित किए जाने का सुझाव रखा।

स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ने पर विशेष जोर

    नरसिंहगढ़ विधायक मोहन शर्मा ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में स्थानीय युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की जानी चाहिए। इससे क्षेत्र के युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिलेगा और औद्योगिक विकास को भी गति प्राप्त होगी।

कचनारिया फूड क्लस्टर सहित अन्य क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा

    उद्यम संवाद में जिले के अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार और नए उद्योगों की स्थापना की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। कचनारिया फूड क्लस्टर, पचोर, डाबली कला एवं गोरखपुरा सहित अन्य क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं को लेकर विचार-विमर्श किया गया।

    कार्यक्रम में नरसिंहगढ़ विधायक मोहन शर्मा,सचिव ऊर्जा विभाग विशेष गढ़पाले, कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा,पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं औद्योगिक क्षेत्र के उद्योगपति उपस्थित रहे।
 

TAGGED:
Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube Reporters Support Directors Live