सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा का कलेक्टर रत्नाकर झा ने किया निरीक्षण

Editor
2 Min Read

अनूपपुर 

 नवागत कलेक्टर  रत्नाकर झा ने शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं चिकित्सालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं तथा उपचार व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन द्वारा निर्धारित सभी स्वास्थ्य सेवाएं प्रत्येक मरीज तक समय पर एवं प्रभावी रूप से पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।

कलेक्टर  झा ने अस्पताल में उपलब्ध आवश्यक दवाइयों की जानकारी प्राप्त करते हुए निर्देशित किया कि सभी आवश्यक मेडिसिन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहें तथा किसी भी मरीज को दवा के अभाव में परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने दवाओं के नियमित भंडारण एवं समय-समय पर उपलब्धता की समीक्षा करने के भी निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ओपीडी, इमरजेंसी यूनिट तथा प्रसूति (डिलीवरी) कक्ष का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों से मरीजों को प्रदान की जा रही सेवाओं की जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर  झा ने कहा कि आमजन को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार रखते हुए बेहतर उपचार, स्वच्छ वातावरण एवं सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि प्रत्येक मरीज को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।

इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कोतमा  टी.आर. नाग, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत  रवि ग्वाल एवं तहसीलदार  दशरथ सिंह, सीबीएमओ डॉ. के.एल. दीवान, मेडिकल ऑफिसर डॉ. मनोज सिंह, मेडिकल ऑफिसर डॉ. गणेश प्रजापति, आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. संगीता प्रजापति, नर्सिंग ऑफिसर, फार्मासिस्ट, लैब टेक्नीशियन सहित स्वास्थ्य विभाग का अमला उपस्थित रहा।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube Reporters Support Directors Live