CM मोहन यादव ने तेंदूपत्ता संग्राहकों को बांटे ₹22.89 करोड़

Editor
16 Min Read

शहडोल में इंडोर स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स बनाया जायेगा
हाथियों के उत्पात से क्षतिग्रस्त मकान की जगह लोगों को पक्के मकान बनाकर दिए जाएंगे
जयसिंहनगर विस क्षेत्र के गोहपारू में शहडोल-रीवा मुख्य मार्ग से महाविद्यालय एवं औद्योगिक प्रशिक्षण केंद्र तक सड़क निर्माण कराया जायेगा
शहडोल में निजी सहभागिता से एक नई यूनिवर्सिटी खोली जाएगी
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने की घोषणा
शहडोल जिले को दी 462 करोड़ रुपए के 134 विकास कार्यों की सौगात
शहडोल में हुआ पांच जिलों के तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस का वितरण

भोपाल
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि तेंदूपत्ता संग्रहण लाखों वनवासी परिवारों की आजीविका का माध्यम है। राज्य सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि मेहनतकश परिवारों को उन हक का पूरा लाभ समय पर मिले। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रविवार को शहडोल संभागीय मुख्यालय में हुए एक भव्य कार्यक्रम में तेंदूपत्ता संग्रहण वर्ष 2024 के 9 लाख 77 हजार 696 पात्र संग्राहकों को 22 करोड़ 89 लाख रुपये से अधिक की प्रोत्साहन पारिश्रमिक राशि (तेंदूपत्ता बोनस) का वितरण किया। कार्यक्रम में पांच जिलों (शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सतना एवं सीधी) के अधीन छह जिला वनोपज सहकारी यूनियनों के हजारों तेंदूपत्ता एवं अन्य वनोपज संग्राहकों ने सहभागिता की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने घोषणा की कि शहडोल में इंडोर स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स बनाया जायेगा, हाथियों के उत्पात से क्षतिग्रस्त मकान की जगह लोगों को पक्के मकान बनाकर दिए जाएंगे, जयसिंहनगर विधानसभा क्षेत्र में गोहपारू से रीवा-सतना मार्ग तक सड़क बनाई जायेगी और शहडोल में निजी सहभागिता से एक नई यूनिवर्सिटी खोली जाएगी

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बोनस और लाभांश की यह राशि ग्रामीण एवं वन क्षेत्रों के परिवारों की आर्थिक मजबूती में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। हमारी सरकार वनवासियों के सम्मान, इनकी आत्मनिर्भरता और समग्र कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 462 कऱोड़ रुपए लागत के 134 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि पूजन किया।

मुख्यमंत्री ने शहडोल में 22.14 करोड़ रुपए से नवनिर्मित वन मंडलाधिकारी कार्यालय का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यहां विभिन्न शासकीय योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित किए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव की प्रमुख घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि शहडोल में अत्याधुनिक सुविधायुक्त एक इंडोर स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स बनाया जायेगा। जयसिंहनगर विस क्षेत्र के गोहपारू में शहडोल-रीवा मुख्य मार्ग से महाविद्यालय एवं औद्योगिक प्रशिक्षण केंद्र तक सड़क निर्माण कराया जायेगा। मुख्यमंत्री ने शहडोल में गीता भवन का निर्माण करने तथा निजी निवेश एवं सहभागिता से यहां एक प्राइवेट यूनिवर्सिटी खोले जाने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने शहडोल में नये महाविद्यालय की मांग के संबंध में कहा कि यहां के शंभूनाथ शुक्ल विश्वविद्यालय के कालेज को अब कामन कर दिया जायेगा। कालेज में विद्यार्थियों को सह शिक्षा दी जायेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उमरिया जिले में जीर्ण-शीर्ण हो चुके एक आवागमन मार्ग पर एमपीआरडीसी द्वारा एक नई सड़क बनाई जायेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने घोषणा की कि मानव बस्तियों में प्रवेश कर जिन लोगों के मकान जंगली हाथियों ने तोड़ दिये हैं, उन सभी को वन विभाग द्वारा पक्के मकान बनाकर दिये जायेंगे। वन विभाग इन प्रभावितों के नये घरों में फेंसिंग भी करायेगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि शहडोल में जल्द ही लौह अयस्क संयंत्र (स्टील फैक्ट्री) खुलने वाली है। इससे 4000 से अधिक लोगों को रोज़गार मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार भविष्य में शहडोल में फारेस्ट ज़ू एंड रेस्क्यू सेंटर भी बनायेगी। उन्होंने कहा कि धान उत्पादक ऐसे किसानों, जिन्होंने अभी तक फसल बेचने के लिए अपना पंजीयन नहीं कराया है, उनके हित में पंजीयन पोर्टल फिर से खोल दिया गया है। उन्होंने बताया कि शहडोल जिले के फुटबॉल के लिए प्रसिद्ध गांव विचारपुर में 5.10 करोड़ रुपए से जरूरी अधोसंरचना कार्यों का निर्माण कर विभिन्न खेलों के खिलाड़ियों को सभी सुविधाएं दी जाएंगी। प्रदेश के सभी गरीब परिवारों को पक्के मकान बनाकर दिये जा रहे हैं। पट्टा-पावती वाली भू-सम्पत्तिधारकों को हमारी सरकार पट्टे की पक्की रजिस्ट्री कराकर उन्हें नि:शुल्क उपलब्ध करा रही है।

तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस, किसानों को भावांतर और लाड़ली बहनों को मिल रहा संबल
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारी सरकार जनकल्याण, विकास और समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस वितरण से लेकर किसानों, लाड़ली बहनों, विद्यार्थियों और जनजातीय परिवारों के हित में कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस, किसानों को भावांतर भुगतान और किसान सम्मान निधि, लाड़ली बहनों को प्रोत्साहन राशि सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार समाज के सभी वर्गों के समान विकास की अवधारणा पर काम कर रही है।

शिक्षा के क्षेत्र में विद्यार्थियों को मिल रहे आगे बढ़ने के अवसर
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप और विद्यालय में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्कूटी प्रदान करने जैसी योजनाओं से युवाओं को प्रोत्साहन मिल रहा है। उन्होंने शहडोल में लगभग 150 करोड़ रुपये की लागत से 34 हाईस्कूल भवनों के निर्माण तथा जनजातीय कन्या छात्रावासों के भूमि पूजन का उल्लेख करते हुए कहा कि इन सुविधाओं से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने जनजातीय विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति के संबंध में महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि पात्र विद्यार्थियों को अब 10 माह के स्थान पर पूरे 12 माह की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। इससे विद्यार्थियों को पूरे वर्ष पढ़ाई जारी रखने में आर्थिक सहायता मिलेगी।

खेल प्रतिभाओं को मिलेगा प्रोत्साहन, फुटबॉल सुविधाओं का होगा विस्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहडोल संभाग में फुटबॉल के प्रति विशेष रुचि है और यहां के युवाओं में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की अपार संभावनाएं हैं। खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए 5 करोड़ 10 लाख रुपये की लागत से सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। उन्होंने शहडोल में इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के निर्माण की घोषणा करते हुए कहा कि इससे बच्चों और युवाओं को विभिन्न खेलों के अभ्यास तथा प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।

शहडोल को मिली सड़क और गीता भवन की सौगात
मुख्यमंत्री ने शहडोल के विकास से जुड़े स्थानीय सुझावों पर नगर तहसील क्षेत्र में शहडोल-रीवा मुख्य मार्ग से महाविद्यालय एवं औद्योगिक प्रशिक्षण केंद्र तक सड़क निर्माण की घोषणा की। उन्होंने शहडोल में सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजनों के लिए गीता भवन के निर्माण की घोषणा भी की।

उच्च शिक्षा के विस्तार से युवाओं के लिए खुलेंगे नए अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहडोल में उच्च शिक्षा की सुविधाओं का विस्तार आवश्यक है, ताकि स्थानीय विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही बेहतर शैक्षणिक अवसर मिल सकें। उन्होंने कहा कि शहडोल में को-एजुकेशन महाविद्यालय खोला जाएगा। उन्होंने महाविद्यालय में विद्यार्थियों की आवश्यकताओं के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा आगामी शैक्षणिक सत्र में एक नए प्रायवेट विश्वविद्यालय की स्थापना की घोषणा की।

औद्योगिक निवेश से रोजगार के नए अवसर
मुख्यमंत्री ने शहडोल में प्रस्तावित इस्पात कारखाने का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके प्रारंभ होने से क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने बताया कि इस परियोजना से लगभग 4,000 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उद्योगों के विकास से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को गति प्राप्त होगी।

दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए पशुपालकों को प्रोत्साहन
मुख्यमंत्री ने 25 गायों के साथ डेयरी स्थापित करने की प्रस्तावित योजना के अंतर्गत 40 लाख रुपये की परियोजना में सरकार की ओर से 10 लाख रुपये की सहायता देने की व्यवस्था का उल्लेख किया। इससे पशुपालकों को डेयरी व्यवसाय अपनाने और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।

सड़क, पेयजल और आवास सुविधाओं का हो रहा विस्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने शहडोल क्षेत्र में लगभग 17 हजार परिवारों को आवास, 65 किलोमीटर सड़क निर्माण और 28 हजार परिवारों तक जल पहुंचाने से संबंधित कार्यों का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र परिवार को योजनाओं का लाभ मिले और ग्रामीण क्षेत्रों में जीवन की मूलभूत सुविधाएं सुदृढ़ हों। उन्होंने घोषणा की  कि उमरिया में एमपीआरडीसी की नई सड़क बनाई जाएगी। उन्होंने मुख्यमंत्री बस सेवा का उल्लेख करते हुए कहा कि बेहतर सड़क संपर्क और सार्वजनिक परिवहन से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलती है।

युवाओं को रोजगार और कर्मचारियों को पदोन्नति के अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न विभागों में भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। उन्होंने बताया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में 85 हजार से अधिक पदों पर भर्ती की गई है तथा आगामी समय में एक लाख नई भर्तियां करने की दिशा में कार्य किया जाएगा।

घायलों की सहायता करने वालों को भी प्रोत्साहन
मुख्यमंत्री ने सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों की सहायता करने के लिए नागरिकों को प्रेरित करते हुए कहा कि दुर्घटना में घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाना महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि संबंधित योजना के अंतर्गत घायल व्यक्ति के उपचार के लिए डेढ़ लाख रुपये तक की सहायता तथा घायल को अस्पताल पहुंचाने वाले मददगार को 25 हजार रुपये देने की व्यवस्था का उल्लेख किया।

जनजातीय अंचल के विकास और जनकल्याण पर विशेष ध्यान
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जनजातीय अंचलों में शिक्षा, आवास, सड़क, पेयजल, खेल और रोजगार की सुविधाओं का विस्तार प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। शहडोल क्षेत्र में विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिले में हाथियों के उत्पात से जो मकान टूट गए हैं उन्हें पक्के मकान बनाकर दिए जाएंगे। इसके साथ ही किसानों के खेत में फैंसिंग भी कराई जाएगी। बांधवगढ़ टाईगर रिजर्व के समीप रेस्क्यू जू सेंटर बनेंगे, होम स्टे बनाने के लिए सरकार 02 लाख रूपए की अतिरिक्त सहायता भी उपलब्ध कराएगी।                 

कार्यक्रम में सांसद श्रीमती हिमाद्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गरीब कल्याण एवं जनजातीय परिवारों के हित में निरंतर कार्य कर रही है। इसी दिशा में तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस वितरण किया जा रहा है, जिससे उनकी मेहनत का आर्थिक लाभ सीधे उन तक पहुंच रहा है। शहडोल जिले में विकास की संभावनाओं को आगे बढ़ाने, जनजातीय समाज को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

जयसिंहनगर विधायक श्रीमती मनीषा सिंह ने कहा कि तेंदूपत्ता संग्राहक जनजातीय परिवारों की आजीविका और प्रदेश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। प्रदेश सरकार द्वारा संग्राहकों को बोनस के साथ आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना उनके परिश्रम का सम्मान और उनके कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

शहडोल विधायक ने जिले में पर्यटन की व्यापक संभावनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां प्राकृतिक सौंदर्य, नदियों के संगम और धार्मिक स्थलों की समृद्ध विरासत मौजूद है। इन स्थलों को व्यवस्थित रूप से विकसित कर पर्यावरण अनुकूल पर्यटन को बढ़ावा दिया जा सकता है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने छायाचित्र प्रदर्शनी का किया अवलोकन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शहडोल में तेंदूपत्ता संग्राहकों के बोनस वितरण कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई छायाचित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने विभागीय गतिविधियों, जनकल्याणकारी योजनाओं, स्थानीय कला एवं हस्तशिल्प, वनोपज संग्रहण और विपणन से संबंधित प्रदर्शनी का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने मेधावी विद्यार्थियों एवं काष्ठ कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके कार्यों की सराहना की और विभिन्न गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। राजस्व विभाग द्वारा स्वामित्व योजना पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई। इसके माध्यम से योजना के अंतर्गत हितग्राहियों को मिलने वाले लाश्रस एवं योजना के क्रियान्वयन से संबंधित गतिविधियों को प्रदर्शित किया गया। विभाग द्वारा स्वामित्व योजना के तहत हितग्राहियों को लाभान्वित भी किया गया। प्रदर्शनी में शिक्षा, तकनीकी प्रशिक्षण, वनोपज संग्रहण एवं विपणन, कृषि, जनजातीय संस्कृति, पारंपरिक बीजों और स्थानीय हस्तशिल्प से संबंधित गतिविधियों को एक ही स्थल पर प्रदर्शित किया गया।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल, वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री श्री दिलीप अहिरवार, राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग अध्यक्ष श्री रामलाल रौतेल, विधायक श्री जयसिंह मरावी, श्री शरद कोल, विसाहू लाल सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष शहडोल श्रीमती प्रभा मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष उमरिया श्रीमती अनुजा पटेल, अमर कंटक विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री राजेन्द्र भारती, प्रमुख सचिव वन श्री राघवेन्द्र सिंह, प्रधान मुख्य वन संरक्षक श्री शुभ रंजन सेन, जिला योजना समिति की सदस्या श्रीमती अमिता चपरा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में तेंदूपत्ता संग्राहक उपस्थित थे।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube Reporters Support Directors Live