हीरे चोरी कर बेचने निकला आरोपी गिरफ्तार, 146 नग हीरे और 10 लाख का सामान जब्त

Editor
3 Min Read

धमतरी

गरियाबंद जिले के पायलीखंड खदान क्षेत्र से हीरे चोरी कर बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे 64 वर्षीय आरोपित को धमतरी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। साइबर थाना धमतरी और बिरेझर पुलिस की संयुक्त टीम ने नेशनल हाईवे-30 पर कोड़ापार नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर आरोपित को पकड़ा।

उसके कब्जे से 146 नग बहुमूल्य हीरे जैसे पत्थर बरामद किए गए, जिनका कुल वजन 16.17 ग्राम और शुद्ध वजन 13.49 ग्राम है। पुलिस ने मोबाइल फोन और नकदी सहित कुल 10 लाख 15 हजार 200 रुपये का मशरूका जब्त किया है।

पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में चोरी, अवैध गतिविधियों और खनिज संपदा की अवैध खरीद-फरोख्त पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।

घेराबंदी कर किया गिरफ्तार

इसी क्रम में 18 अक्टूबर को जुर्म-जरायम पतासाजी एवं पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि नेशनल हाईवे-30 पर कोड़ापार नहर पुलिया के पास एक व्यक्ति बहुमूल्य हीरे लेकर ग्राहक की तलाश में खड़ा है। सूचना मिलते ही बिरेझर पुलिस और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

उसने अपना नाम विनोद अग्रवाल, पिता बंशीलाल अग्रवाल, उम्र 64 वर्ष, निवासी केके वार्ड, भाटापारा, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से पॉलीथीन में रखे नीले एवं फिरोजी रंग की झिल्ली में लिपटे 146 नग सफेद, चमकदार और पारदर्शी बहुमूल्य पत्थर बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपित ने कथित तौर पर इन पत्थरों को वर्ष 2018 में गरियाबंद जिले के पायलीखंड खदान क्षेत्र से चोरी करना और अब उन्हें बेचने के लिए ग्राहक तलाशना स्वीकार किया। मामले में खान एवं खनिज अधिनियम की धारा 21(4) तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत अपराध पाए जाने पर 19 अक्टूबर को आरोपित को विधिवत गिरफ्तार किया गया।

10 लाख से ज्यादा बताई गई नग की कीमत

जब्त पत्थरों की अनुमानित कीमत 10 लाख 5 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा आरोपित के कब्जे से दो सक्रिय सिम वाला सैमसंग गैलेक्सी एस21 एफई 5जी मोबाइल फोन, जिसकी कीमत 8 हजार रुपये है, और 2,200 रुपये नकद जब्त किए गए हैं।

कुल जब्ती की कीमत 10 लाख 15 हजार 200 रुपये आंकी गई है। पुलिस द्वारा आरोपित को न्यायालय, कुरूद के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध खनिज उत्खनन, चोरी, तस्करी अथवा संदिग्ध खरीद-फरोख्त की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि ऐसी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। पुलिस ने बताया कि सूचना देने वालों की पहचान नियमानुसार गोपनीय रखी जाएगी।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube Reporters Support Directors Live