29 मई को राम मंदिर पहुंचेगी 2000 महिलाओं की टोली, जानिए क्या है इस खास आयोजन की वजह

Editor
4 Min Read

अयोध्या
अयोध्या में स्थित राम मंदिर एक बार फिर ऐतिहासिक आयोजन का साक्षी बनने जा रहा है. आगामी 29 मई को राम मंदिर परिसर में भव्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होगा. इसमें देशभर से करीब 2000 महिलाएं भाग लेने आएंगी. इस विशेष आयोजन में प्रमुख रूप से साध्वी ऋतंभरा शामिल होंगी, जो राम मंदिर परिसर के परकोटे में स्थित दुर्गा मंदिर पर विधिवत ध्वजारोहण करेंगी. यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि इसके माध्यम से महिला सशक्तिकरण का संदेश भी दिया जाएगा। 

राम मंदिर आंदोलन से जुड़ी महिलाओं, संतों और विभिन्न संगठनों की प्रतिनिधियों को विशेष रूप से आमंत्रित किया जा रहा है. कार्यक्रम में शामिल होने वाली महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में शोभायात्रा के रूप में मंदिर परिसर पहुंचेंगी, जिससे पूरे आयोजन को सांस्कृतिक भव्यता भी मिलेगी. राम मंदिर ट्रस्ट इस आयोजन की तैयारियों में पूरी तरह जुटा हुआ है. सुरक्षा व्यवस्था से लेकर श्रद्धालुओं के स्वागत, भोजन, आवास और मंदिर परिसर की सजावट तक की व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। 

ट्रस्ट की ओर से राम मंदिर आंदोलन से जुड़े प्रमुख लोगों और संत समाज को निमंत्रण भेजा जा रहा है. जानकारी के अनुसार राम मंदिर परिसर में बने 18 मंदिरों में क्रमश ध्वजारोहण कार्यक्रम चल रहा है. इसी श्रृंखला में परकोटे के भीतर स्थित दुर्गा मंदिर पर 29 मई को ध्वजारोहण किया जाएगा.धार्मिक मान्यता के अनुसार ध्वजारोहण को शक्ति, आस्था और विजय का प्रतीक माना जाता है. ऐसे में साध्वी ऋतंभरा की मौजूदगी इस आयोजन को और अधिक विशेष बना रही है.रामनगरी अयोध्या में होने वाला यह आयोजन न केवल आध्यात्मिक वातावरण को और मजबूत करेगा बल्कि समाज में महिलाओं की भूमिका और शक्ति को भी नई पहचान देने का प्रयास करेगा। 

राम मंदिर ट्रस्ट के सहयोगी और विश्व हिंदू परिषद के प्रांतीय मीडिया प्रभारी शरद शर्मा ने बताया कि राम मंदिर परिसर में स्थित परकोटे के मंदिरों पर ध्वजारोहण का कार्य चल रहा है. 29 मई को मां दुर्गा के मंदिर पर ध्वजारोहण का कार्यक्रम संपन्न होगा. इसकी तैयारी में राम मंदिर ट्रस्ट जुट चुका है. इस पूरे कार्यक्रम 2000 महिला शामिल होंगी. कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राम मंदिर आंदोलन से जुड़ी साध्वी ऋतंभरा होगी। 

राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य डॉक्टर अनिल मिश्रा ने बताया कि राम मंदिर के मुख्य शिखर पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2019 में ध्वजारोहण किया था. उसके बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने किया. फिर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया. अब राम मंदिर परिसर में राम मंदिर आंदोलन में अग्रिम भूमिका निभाने वाली साध्वी ऋतंभरा 29 तारीख को ध्वजारोहण करने आ रही हैं. 2000 महिलाओं को बैठने के लिए कुर्सियां लगाई जा रही हैं. एक भव्य मंच भी तैयार किया जा रहा है. इसके साथ ही राम भक्त अब राम मंदिर परिसर में स्थित सभी मठ मंदिरों में दर्शन पूजन कर रहे हैं. राम भक्तों को किसी प्रकार कोई दिक्कत ना हो इसको लेकर भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं। 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube Reporters Support Directors Live