हरियाणा में 1.20 लाख HKRN कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाने की तैयारी, हर महीने ₹1,540 तक होगा फायदा

Editor
3 Min Read

चंडीगढ़
 हरियाणा कौशल रोजगार निगम लिमिटेड (एचकेआरएनएल) के तहत सरकारी विभागों, बोर्ड-निगमों और स्वायत्त संस्थानों में लगे 1.20 लाख कर्मचारियों का वेतन बढ़ाने की तैयारी है। युवा सशक्तीकरण एवं उद्यमिता विभाग के प्रस्ताव पर वित्त विभाग और मानव संसाधन विभाग ने भी मुहर लगा दी है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इसे पहले ही सैद्धांतिक मंजूरी दे चुके हैं।

अब एचकेआरएनएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) की ओर से कभी भी वेतन बढ़ोतरी के आदेश जारी किए जा सकते हैं। एचकेआरएनएल द्वारा निर्धारित जिलों की श्रेणियों और कर्मचारियों के लेवल और अनुभव के आधार पर यह बढ़ोतरी 820 रुपये से 1540 रुपये तक मासिक होगी।

अब कितनी मिलेगी सैलरी?
एक जुलाई से संशोधित वेतन लागू होगा। वेतन में प्रस्तावित संशोधन के अनुसार प्रथम कैटेगरी के जिलों में लेवल-1 के पांच साल तक के अनुभव वाले कर्मचारियों को 21 हजार 950, दस साल तक पुराने कर्मचारियों को 24 हजार 150 और इससे अधिक अनुभव वाले कर्मचारियों को 26 हजार 340 रुपये मिलेंगे।

लेवल-2 में वेतन की दरें क्रमश: 25 हजार 830, 28 हजार 420 और 31 हजार रुपये तथा लेवल-3 में क्रमश: 26 हजार 570, 29 हजार 230 और 31 हजार 890 रुपये रखी गई हैं।

दूसरी कैटेगरी के जिलों में लेवल-1 में पांच साल तक अनुभव वाले कर्मचारियों को 19 हजार 380, दस साल तक के अनुभव पर 21 हजार 320 और इससे अधिक अनुभवी कर्मचारियों को 23 हजार 260 रुपये दिए जाएंगे। लेवल-2 में यह पारिश्रमिक क्रमश: 23 हजार 160, 25 हजार 480 और 27 हजार 800 रुपये तथा लेवल-3 में 23 हजार 940, 26 हजार 340 और 28 हजार 730 रुपये होगा।

श्रेणियों में बंटा जिला
तृतीय श्रेणी जिलों में लेवल-1 कर्मचारियों को पांच साल के अनुभव पर 17 हजार 910, दस साल तक के अनुभव पर 19 हजार 700 तथा इससे अधिक अनुभवी कर्मचारियों को 21 हजार 500 रुपये दिए जाएंगे। लेवल-2 कर्मचारियों के लिए पारिश्रमिक की दरें क्रमश: 21 हजार 840, 24 हजार और 26 हजार 210 तथा लेवल-3 कर्मचारियों के लिए 22 हजार 530, 24 हजार 790 और 27 हजार 40 रुपये रखी गई हैं।

पहली श्रेणी के जिलों में गुरुग्राम, फरीदाबाद, पंचकूला, सोनीपत, दिल्ली और चंडीगढ़, दूसरी श्रेणी में पानीपत, झज्जर, पलवल, करनाल, अंबाला, हिसार, रोहतक, रेवाड़ी, कुरुक्षेत्र, कैथल, यमुनानगर, भिवानी और जींद तथा तीसरी श्रेणी में महेंद्रगढ़, फतेहाबाद, सिरसा, नूंह और चरखी दादरी शामिल हैं।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube Reporters Support Directors Live