मदर्स डे के अवसर पर ग्लोबल स्टार किम कार्दशियन जेल में बंद कई मांओं को उनके बच्चों से मिलवाने में मदद कर रही हैं। किम कार्दशियन ने रिफॉर्म अलायंस और लेडीज ऑफ होप मिनिस्ट्रीज के साथ मिलकर पूरे अमेरिका की फेडरल जेलों में बंद 50 मांओं के लिए इस रविवार को अपने बच्चों से मिलने का इंतजाम किया है। इस पहल के तहत परिवारों के सफर और दूसरे खर्चों का ध्यान रखा जाएगा, ताकि वे मदर्स डे एक साथ मना सकें।
'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर हुआ चुनाव
पीपल मैगजीन के मुताबिक, परिवारों का चुनाव 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर किया गया था। इनमें से कई महिलाओं ने वर्षों से अपने बच्चों और परिवारीजनों को नहीं देखा है। इस पहल के बारे में बात करते हुए किम ने बताया कि जेल में बंद रहने के दौरान कई मांएं अपने बच्चों की जिंदगी के अहम पलों से दूर रही हैं।
किम बोलीं- 'बच्चों से मां की मुलाकात कराना गर्व की बात'
पीपल के अनुसार, उन्होंने एक बयान में कहा, 'इनमें से कई माताओं ने अपने बच्चों और परिवारों से दूर रहते हुए वर्षों बिता दिए हैं। वे जन्मदिन, त्योहारों और रोजमर्रा के उन पलों से दूर रहीं, जिन्हें हममें से ज्यादातर लोग आम बात मान लेते हैं'। किम ने यह भी कहा कि इन माताओं का साथ देना और परिवारों को फिर से मिलाने में मदद करना उनके लिए गर्व की बात है।
महिला कैदियों से मिलीं किम
किम ने कहा, 'मुझे इन परिवारों को फिर से जोड़ने में मदद करने का सम्मान मिला है, ताकि वे अपने बच्चों को गले लगा सकें, साथ मिलकर हंस सकें और बस फिर से एक परिवार बन सकें। हाल ही में किम कार्दशियन, उनकी मां क्रिस जेनर और रिफॉर्म अलायंस की सदस्य जेसिका जैक्सन ने भी कैलिफोर्निया के चॉचिला में एक महिला जेल का दौरा किया। इस दौरान वे जेल में बंद कई महिलाओं से मिलीं, जिनमें वे महिलाएं भी शामिल थीं जिन्हें हॉस्पिस केयर मिल रही थी। किम ने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए अपना अनुभव भी शेयर किया था।
