ऑपरेशन मुस्कान के तहत मध्यप्रदेश पुलिस की संवेदनशील एवं सतत कार्रवाई

Editor
3 Min Read

भोपाल 

मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा गुम एवं अपहृत नाबालिग बालक-बालिकाओं की सुरक्षित दस्तयाबी और उन्हें उनके परिजनों तक पहुंचाने के लिए ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के अंतर्गत लगातार संवेदनशीलता, तत्परता और तकनीकी दक्षता के साथ कार्रवाई की जा रही है। अगस्त माह में प्रदेश के विभिन्न जिलों की पुलिस ने विशेष प्रयास करते हुए मध्यप्रदेश से बाहर स्थित क्षेत्रों तक पहुंचकर 12 नाबालिग बालिकाओं को सकुशल दस्तयाब कर उनके परिजनों को सौंपा है।

उज्जैन

जिले की नागदा पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर करीब 2,000 किलोमीटर दूर तमिलनाडु के कोयंबटूर से लापता नाबालिग बालिका को सकुशल दस्तयाब कर आरोपी को गिरफ्तार किया।

धार

पुलिस ने नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने एवं दुष्कर्म के मामले में कार्रवाई करते हुए अमरेली, गुजरात से बालिका को सकुशल दस्तयाब कर आरोपी को गिरफ्तार किया।

राजगढ़

पुलिस ने अपहृत नाबालिग बालिका को महज 72 घंटे में अहमदाबाद, गुजरात से दस्तयाब कर आरोपी को गिरफ्तार किया।

छतरपुर

पुलिस ने ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत राजस्थान के जोधपुर एवं जयपुर से दो नाबालिग बालिकाओं को दस्तयाब किया।

कटनी

पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में गुजरात के मोरवी क्षेत्र तथा मुंबई, महाराष्ट्र से नाबालिग बालिकाओं को सकुशल दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द किया।

सिंगरौली

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 16 वर्षीय नाबालिग बालिका को उत्तर प्रदेश के अनपरा क्षेत्र से सकुशल दस्तयाब किया।

सीधी

पुलिस ने करीब दो माह से लापता 16 वर्षीय बालिका को उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले से तकनीकी साक्ष्यों एवं सतत प्रयासों के बाद सकुशल दस्तयाब किया।

इसी प्रकार अनूपपुर पुलिस ने गुजरात से 17 वर्षीय बालिका को, इंदौर पुलिस ने थाना तेजाजी नगर क्षेत्र से गुम नाबालिग बालिका को द्वारका, गुजरात से तथा दतिया पुलिस ने लापता बालिका को नई दिल्ली के कमला मार्केट थाना क्षेत्र से दस्तयाब कर परिजनों को सौंपा।

इन कार्रवाइयों में पुलिस टीमों को अलग-अलग राज्यों में जाकर दस्तयाबी, स्थानीय स्तर पर समन्वय, तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण, संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाने तथा लंबी दूरी की यात्रा जैसी अनेक चुनौतियों का सामना करना पड़ा। गुजरात, महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और तमिलनाडु जैसे राज्यों में पुलिस टीमों ने स्थानीय पुलिस एवं संबंधित इकाइयों के सहयोग से कार्रवाई को अंजाम दिया।

यह कार्रवाई दर्शाती है कि मध्यप्रदेश पुलिस गुम नाबालिगों की तलाश को केवल प्रदेश की सीमाओं तक सीमित न रखते हुए देश के किसी भी हिस्से तक पहुंचकर उन्हें सुरक्षित वापस लाने के लिए प्रतिबद्ध है।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube Reporters Support Directors Live