पेलेट गन मामले में राहुल गांधी का धरना, FIR की मांग पर दिल्ली पुलिस से भिड़े

Editor
4 Min Read

नई दिल्ली
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पैलेट गन के मुद्दे पर दिल्ली के संसद मार्ग स्थित पुलिस उपायुक्त के दफ्तर के बाहर धरने पर बैठ गए हैं। उनके साथ ही जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान छर्रों से घायल हुए साहिल लोचव भी मौजूद हैं। खबर है कि धरना स्थल पर कांग्रेस के बड़े नेताओं का पहुंचना भी शुरू हो गया है। इनमें वायनाड सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा, सलमान खुर्शीद, अधीर रंजन चौधरी समेत कई नेता शामिल हैं। मौके पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी शुरू कर दी है।

राहुल पुलिस दफ्तर के बाहर पहुंचकर FIR की दर्ज करने की मांग कर रहे हैं। पीटीआई भाषा ने बताया कि कांग्रेस के सूत्रों के अनुसार, बीते 14 अगस्त को साहिल लोचब अपने वकीलों के साथ दिल्ली पुलिस के पास गए और लिखित शिकायत दी। पुलिस ने उन्हें जांच अधिकारी का नंबर देने से इनकार कर दिया। उन्होंने बताया, '17 तारीख को ईमेल और फोन के माध्यम से भी इस मामले को फिर उठाया गया। इसके बावजूद आईओ का नंबर नहीं दिया गया और शिकायत की कोई पावती भी नहीं दी गई।'

कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि अब लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पीड़ित के साथ दिल्ली पुलिस के पास गए और आईओ का नंबर दिए जाने की मांग पर जोर दिया। लेकिन डीसीपी ने जांच अधिकारी का नंबर उपलब्ध नहीं कराया। उन्होंने कहा, 'यह एक संज्ञेय अपराध है, इसलिए प्राथमिकी भी दर्ज की जानी चाहिए, लेकिन दिल्ली पुलिस ऐसा नहीं कर रही है।'

धरने पर बैठे राहुल गांधी
राहुल गांधी का कहना है कि कि जब तक केस नहीं होगा तब तक वह यहीं रहेंगे। उन्होंने कहा है कि थोड़ी देर बाद वह मीडिया से बात करेंगे। आपको बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने पांच-सदस्यीय उच्च-स्तरीय जांच समिति (एचपीईसी) बनाई है। इसकी अध्यक्षता पूर्व जस्टिस आर. सुभाष रेड्डी करेंगे। यह समिति 20 जुलाई को दिल्ली के जंतर-मंतर और देश के अन्य हिस्सों में छात्र प्रदर्शनकारियों पर पुलिस की ज्यादती के आरोपों की जांच करेगी। ये छात्र राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) और अन्य परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक होने के कारण तत्कालीन शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे थे।
सुप्रीम कोर्ट ने बनाई है जांच कमेटी

जस्टिस रेड्डी की अध्यक्षता वाली समिति में पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के पूर्व मुख्य जस्टिस रवि शंकर झा, दिल्ली उच्च न्यायालय की पूर्व न्यायाधीश शालिंदर कौर, केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के पूर्व निदेशक ऋषि कुमार शुक्ला और मेघालय के पूर्व पुलिस महानिदेशक एल.आर. बिश्नोई सदस्य के तौर पर शामिल हैं।

DCP से बात करते हुए राहुल गांधी
जानकारी के मुताबिक साहिल 14 अगस्त को वकीलों के साथ शिकायत दर्ज करवाने गए थे। उनकी बात नहीं सुनी गई तो उन्होंने राहुल गांधी से बात की। राहुल गांधी उनको साथ लेकर थाने पहुंच गए। राहुल गांधी के साथ साहिल लोचव भी धरने पर बैठे हैं. वह हरियाणा के रहने वालेे हैं। साहिल के साथ उनके परिवार वाले भी हैं। बता दें राहुल गांधी पहले भी साहिल के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुके हैं। उन्होंने यह भी दिखाया था कि वह पेलेट गन से किस कदर घायल हुए हैं।

जानकारी के मुताबिक राहुल गांधी ने जॉइंट सीपी नूपुर सिंह से मुलाकात की थी। राहुल गांधी के साथ कांग्रेस के भी कई नेता मौजूद है। जानकारी के मुताबिक राहुल गांधी ने दिल्ली पुलिस के अधिकारियों से एफआईआर दर्ज करने को कहा था। रिपोर्ट के मुताबिक उन्होंने डीसीपी से भी बात की थी।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube Reporters Support Directors Live