ठग्गांव स्कूल की 18 छात्राओं को मिली साइकिल, मंत्री ने कहा-गांवों की तस्वीर बदल रही है

Editor
3 Min Read

मनेन्द्रगढ़/एमसीबी

खड़गवां क्षेत्र के शासकीय स्कूल ठग्गांव में सत्र 2026-27 के अंतर्गत कक्षा 9वीं की छात्राओं के लिए साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 18 छात्राओं को साइकिल प्रदान की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। छात्राओं ने मुख्य अतिथि मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, प्राचार्य नीतू सहित अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान विद्यालय की सचिव वंदना, शिक्षक, जनप्रतिनिधि, छात्राएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

गांव की समस्याओं को लेकर रखीं मांगें

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों और विद्यालय प्रबंधन ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं की ओर मंत्री का ध्यान आकर्षित कराया। पानी की समस्या के निराकरण के लिए मोटर उपलब्ध कराने, विद्यालय की करीब 5 एकड़ भूमि पर कथित अतिक्रमण हटाने, स्कूल परिसर में बाउंड्रीवाल निर्माण और मैदान के समतलीकरण की मांग रखी गई। बताया गया कि बाउंड्रीवाल और मैदान समतलीकरण की मांग लंबे समय से लंबित है।
वहीं सरपंच ने गांव में 189 आवास स्वीकृत होने की जानकारी दी।

गांवों में लगातार हो रहा विकास : मंत्री

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, सीसी रोड, पुल-पुलिया सहित बुनियादी सुविधाओं से जुड़े अनेक कार्य पूरे हो चुके हैं और कई कार्य प्रगति पर हैं।
उन्होंने महतारी सदन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि पंचायतों और माताओं की विकास में भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल है। महिलाओं की भागीदारी और सशक्तिकरण को मजबूत करने के लिए सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लगातार काम कर रही है।

केंद्र की योजनाओं से बदली गांवों की तस्वीर

मंत्री ने केंद्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप दिया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में शौचालय निर्माण के साथ पक्के मकान, सड़क, बिजली, पानी और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार हुआ है।
उन्होंने बच्चों से संवाद करते हुए पूछा कि उनके घरों में पक्के मकान बने हैं या नहीं। मौजूद विद्यार्थियों में करीब 90 प्रतिशत ने हाथ उठाकर हां में जवाब दिया। मंत्री ने इसे ग्रामीण परिवारों तक आवास योजनाओं की पहुंच का उदाहरण बताया।

पानी की समस्या के तत्काल निराकरण के निर्देश

मंत्री ने कहा कि साइकिल मिलने से छात्राओं को स्कूल आने-जाने में सुविधा होगी और उनकी पढ़ाई जारी रखने में मदद मिलेगी। विद्यालय की ओर से रखी गई समस्याओं के संबंध में उन्होंने पानी की व्यवस्था के लिए ग्राम पंचायत सचिव को तत्काल मोटर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं विद्यालय की जमीन पर कथित अतिक्रमण के समाधान के लिए पंचायत स्तर पर आवश्यक पहल करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा, पेयजल और विद्यालय की बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों के त्वरित निराकरण पर भी चर्चा हुई।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube Reporters Support Directors Live