नगरी में विधायक अंबिका मरकाम ने फहराया तिरंगा, एकता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का लिया संकल्प

Editor
4 Min Read

नगरी
 देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर सिहावा विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती अंबिका मरकाम ने विधायक निवास/कार्यालय नगरी में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर स्वतंत्रता दिवस मनाया। ध्वजारोहण के पश्चात उपस्थित कांग्रेसजनों एवं क्षेत्रवासियों ने राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी और देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा का संकल्प लिया।

इस अवसर पर विधायक अंबिका मरकाम ने सिहावा विधानसभा क्षेत्र के समस्त नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 15 अगस्त केवल उत्सव मनाने का दिन नहीं, बल्कि उन महान स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों को स्मरण करने का अवसर है, जिन्होंने अपना सर्वस्व न्योछावर कर हमें आजादी दिलाई। महात्मा गांधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू, नेताजी सुभाषचंद्र बोस, सरदार भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद सहित असंख्य ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान के कारण आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं।

विधायक ने कहा कि आजादी हमें लंबे संघर्ष और अनगिनत बलिदानों के बाद प्राप्त हुई है। स्वतंत्रता का वास्तविक अर्थ तभी सार्थक होगा, जब हम संविधान के मूल्यों, लोकतंत्र, समानता, भाईचारे और सामाजिक न्याय की भावना को मजबूत करते हुए देश एवं समाज की प्रगति में अपना योगदान दें। उन्होंने क्षेत्रवासियों से आह्वान किया कि हम सभी आपसी प्रेम और भाईचारे के साथ आगे बढ़ें तथा अपने क्षेत्र, छत्तीसगढ़ और देश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

उन्होंने कहा कि हमारी आने वाली पीढ़ियों को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान से परिचित कराना भी हमारी जिम्मेदारी है। हमें देश की एकता और अखंडता को सर्वोपरि रखते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करनी चाहिए तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और न्याय पहुंचाने के लिए मिलकर कार्य करना चाहिए।

विधायक अंबिका मरकाम ने कहा कि सिहावा विधानसभा क्षेत्र की जनता ने हमेशा सामाजिक सद्भाव, भाईचारे और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूती प्रदान की है। क्षेत्र की जनता के सहयोग और विश्वास के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी, रोजगार तथा मूलभूत सुविधाओं के क्षेत्र में निरंतर बेहतर कार्य करने का प्रयास जारी रहेगा।

कार्यक्रम में पूर्व विधायक लक्ष्मी ध्रुव, जिला कांग्रेस कमेटी धमतरी के उपाध्यक्ष भानेन्द्र ठाकुर, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अनवर राजा, विधायक प्रतिनिधि सचिन भंसाली, नगरी पार्षद हरीश साहू, राघवेंद्र वर्मा,  रबी ठाकुर, टेश्वर ध्रुव, अयूब खान, राजेंद्र ठाकुर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, कांग्रेस सेवादल सहित कांग्रेस के विभिन्न प्रकोष्ठों एवं संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में सहभागिता की। सभी ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए समर्पित होकर कार्य करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के अंत में विधायक अंबिका मरकाम ने पुनः सिहावा विधानसभा क्षेत्र के समस्त नागरिकों, किसानों, मजदूरों, युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठजनों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर शहीदों की कुर्बानी सदैव हमारे लिए प्रेरणास्रोत रहेगी। उनके सपनों के भारत के निर्माण के लिए हम सभी को मिलकर आगे बढ़ना होगा।

TAGGED: ,
Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube Reporters Support Directors Live