कानपुर में 16 रुपये का ऑफर पड़ा भारी, हजारों की भीड़ बेकाबू; पुलिस ने भांजी लाठियां

Editor
3 Min Read

कपनुर
उत्तर प्रदेश के कानपुर में बर्थडे की खुशी में एक दुकानदार 16 रुपए में 16 मिनट तक किसी भी सामान की खरीदारी का ऐसा ऑफर दिया कि उसकी दुकान पर हजारों ग्राहकों की भीड़ टूट पड़ी। सामान खरीदने की होड़ में बेकाबू होती भीड़ को संभालने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। यहां तक कि लाठियां भांजनी पड़ी। कुल मिलाकर इस ऑफर ने कानपुर के बेकनगंज में शनिवार की आधी रात को लॉ एंड आर्डर के लिए समस्या खड़ी कर दी। ऑफर को लेकर रात में सड़क पर भागती-दौड़ती भीड़ के कई वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहे हैं। हालांकि ‘लाइव हिन्दुस्तान’ वायरल हो रहे वीडियोज की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।

बता दें कि बेकनगंज की आलम मार्केट में रेडीमेड कपड़ों के व्यापारी ने बकायदा वीडियो वायरल कर 16 रुपए में 16 मिनट तक खरीदारी का यह ऑफर दिया था। इसकी रील भी उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा की थी। दो लोगों के बीच बातचीत के अंदाज में शूट किए गए इस वीडियो में ऑफर देने वाला यह कहता सुनाई पड़ रहा है कि शहर में बवाल मचने वाला है। इसके बाद वह अपने 16 रुपए ऑफर को इसकी वजह बताता है। इस ऑफर ने शनिवार की रात वाकई बवाल मचा भी दिया।

बेकनगंज की आलम मार्केट में रेडीमेड कपड़ों के व्यापारी मोहम्मद आलम ने स्वतंत्रता दिवस पर आधी रात 12 बजे (16 अगस्त की तारीख में) जींस टी शर्ट, ब्लेजर समेत अन्य कई तरह के सामान 16 रुपए में बेचने की घोषणा की थी। यह स्कीम महज 16 मिनट के लिए थी। सोशल मीडिया पर इसकी रील बनाकर उन्होंने वायरल की। इसका असर यह हुआ कि शनिवार की रात 12 बजते ही आसपास के क्षेत्रों से हजारों की भीड़ आलम मार्केट पहुंच गई। सामान खरीदने के लिए लोगों में धक्का मुक्की शुरू हुई और बात हाथापाई तक पहुंच गई। हर कोई 16 मिनट में अपना मनपसंद सामान खरीद लेना चाहता था।

भीड़ के चलते बंद करना पड़ा मार्केट का गेट
भीड़ बढ़ती देख आलम मार्केट का गेट बंद कर दिया गया तो लोगों का हंगामा और बढ़ गया। लोग गेट के ऊपर चढ़कर समान की मांग करने लगे। इसी बीच युवाओं ने रोड जाम कर दी और कारोबारी मोहम्मद आलम के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। हंगामे की सूचना पुलिस को लगी तो डीसीपी समेत बेकनगंज और आसपास के सात थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। बेकनगंज इंस्पेक्टर मतीन खान ने लाउड स्पीकर से लोगों को हंगामा न करने और अपने-अपने घरों को वापस जाने को कहा। इसके बावजूद भी लोग नहीं माने तो पुलिस ने लाठियां पटक कर भीड़ को तितर-बितर किया। बेकनगंज इंस्पेक्टर मतीन खान ने बताया कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। रेडीमेड कपड़ा कारोबारी के खिलाफ तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube Reporters Support Directors Live