डीजीपी कैलाश मकवाणा से एनसीबी अधिकारियों ने की सौजन्य भेंट

Editor
3 Min Read

भोपाल 

नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आज पुलिस मुख्यालय, भोपाल में पुलिस महानिदेशक, मध्यप्रदेश  कैलाश मकवाणा से सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित राज्यव्यापी जनजागरूकता अभियान "नशे से दूरी है ज़रूरी" एवं "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" की उपलब्धियों, जनभागीदारी एवं प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा की गई।

पुलिस महानिदेशक  कैलाश मकवाणा ने बताया कि वर्ष 2025 में प्रारंभ किया गया "नशे से दूरी है ज़रूरी" अभियान तथा वर्ष 2026 में संचालित "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान नशे के विरुद्ध सामाजिक जागरूकता का व्यापक जनआंदोलन बनकर उभरे हैं। दोनों अभियानों के अंतर्गत प्रदेशभर में रैलियां, मानव श्रृंखलाएं, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला एवं स्लोगन प्रतियोगिताएं, शपथ कार्यक्रम, खेल एवं सांस्कृतिक आयोजन, विद्यालय एवं महाविद्यालय आधारित कार्यक्रम, ग्राम चौपाल एवं जनसंवाद सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।

उन्होंने अवगत कराया कि दोनों अभियानों के दौरान प्रदेश के सभी जिलों में 20 हजार से अधिक जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनमें विद्यार्थियों, युवाओं, खिलाड़ियों, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों, जनप्रतिनिधियों तथा आम नागरिकों की सक्रिय सहभागिता रही। प्रदेश के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से अभियान की डिजिटल पहुंच करोड़ों नागरिकों तक पहुँची, जिससे नशे के विरुद्ध जनजागरूकता को नई गति मिली।

बैठक के दौरान  मनीष कुमार, उप महानिदेशक, स्वापक नियंत्रण ब्यूरो एवं आंचलिक निदेशक, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, भोपाल ने नशा मुक्त भारत अभियान (NMBA) पोर्टल एवं मोबाइल एप 2.0 की जानकारी देते हुए बताया कि यह प्लेटफॉर्म जागरूकता गतिविधियों की ऑनलाइन मॉनिटरिंग, रियल-टाइम रिपोर्टिंग, डैशबोर्ड आधारित विश्लेषण एवं विभिन्न विभागों, स्वयंसेवी संगठनों तथा "नशा मुक्ति मित्रों" के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

एनसीबी अधिकारियों ने मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध संचालित अभिनव एवं व्यापक जनजागरूकता प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के अभियान समाज में सकारात्मक एवं स्थायी परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

बैठक में अतिरिक्‍त पुलिस महानिदेशक नारकोटिक्स  डी. निवास वर्मा,  उप महानिदेशक, स्वापक नियंत्रण ब्यूरो एवं आंचलिक निदेशक, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, भोपाल के  मनीष कुमार, एसओ टू डीजीपी  मलय जैन सहित अन्‍य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube Reporters Support Directors Live