Punjab News: शिक्षा भवन के बाहर शिक्षकों का धरना, पुलिस और प्रशासन में मचा हड़कंप

Editor
2 Min Read

मोहाली.

शिक्षा भवन के मुख्य गेट के बाहर धरने पर बैठे डेमोक्रेटिक टीचर्स फ्रंट (डीटीएफ) के शिक्षकों ने अचानक पुलिस को चकमा देकर शिक्षा भवन के भीतर प्रवेश कर लिया। शिक्षक चौथी मंजिल पर स्थित पंजाब स्कूल शिक्षा विभाग के डायरेक्टर के कार्यालय के बाहर पहुंच गए और वहीं धरने पर बैठ गए।

अचानक शिक्षकों के भवन के अंदर पहुंचने से पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। इसके बाद बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों को चौथी मंजिल पर तैनात किया गया। शिक्षक अपनी लंबित पदोन्नतियों और सरकारी स्कूलों में खाली पड़े पदों को जल्द भरने की मांग पर अड़े रहे। उन्होंने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस आश्वासन नहीं दिया जाता, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।

इससे पहले लंबित पदोन्नतियों और रिक्त पदों को भरने की मांग को लेकर सरकारी स्कूलों के शिक्षकों ने मोहाली स्थित शिक्षा भवन का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। डेमोक्रेटिक टीचर्स फ्रंट (डीटीएफ) पंजाब के बैनर तले प्रदेशभर से पहुंचे शिक्षक शिक्षा भवन के मुख्य गेट के बाहर धरने पर बैठ गए और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन से पहले विभिन्न जिलों से आए शिक्षक गुरुद्वारा अंब साहिब के सामने स्थित मैदान में एकत्र हुए। इसके बाद उन्होंने मार्च निकालते हुए शिक्षा भवन की ओर कूच किया और मुख्य प्रवेश द्वार के बाहर धरना शुरू कर दिया।

डीटीएफ के प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजयपाल शर्मा और प्रदेश सचिव रेशम सिंह खेमूआणा ने कहा कि प्राथमिक से मास्टर कैडर तक की पदोन्नतियां पिछले आठ वर्षों से लंबित हैं, लेकिन सरकार इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रही। उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय रैली के माध्यम से सरकार तक शिक्षकों की मांगें पहुंचाई जा रही हैं।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube Reporters Support Directors Live