डूरंड कप के लिए रांची में ट्रैफिक प्लान जारी, जानें पार्किंग व्यवस्था

Editor
3 Min Read

रांची
 रांची के बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम, मोराबादी में 26 जुलाई से 16 अगस्त तक डूरंड कप फुटबॉल टूर्नामेंट के 135वें संस्करण का आयोजन होगा। प्रतियोगिता के दौरान बड़ी संख्या में दर्शकों के आगमन को देखते हुए रांची ट्रैफिक पुलिस ने वाहनों की पार्किंग और आवागमन को लेकर विस्तृत मार्ग परामर्शी जारी की है।

पुलिस ने लोगों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करने और यातायात व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है। खूंटी, जमशेदपुर, गुमला, लोहरदगा, रामगढ़ जिला, रातू, कांके, पिठोरिया तथा इन क्षेत्रों की ओर से आने वाले वाहन कांके रिंग रोड, चांदनी चौक और राम मंदिर होते हुए रांची यूनिवर्सिटी फुटबाल मैदान, मोराबादी स्थित पार्किंग स्थल में अपने वाहन पार्क कर सकेंगे।

टाटीसिलवे, खेलगांव, बूटी मोड़, रिम्स, बरियातू, करमटोली, बोड़या रोड और जेल चौक की ओर से आने वाले वाहनों के लिए टीआरआई मैदान (मंदिर मैदान) को पार्किंग स्थल बनाया गया है। इन क्षेत्रों से आने वाले वाहन इसी पार्किंग का उपयोग करेंगे। वहीं शहर के अंदर धुर्वा, हिनू, डोरंडा, मेन रोड, रेडियम चौक, लालपुर, कांटाटोली, हरमू और अरगोड़ा सहित अन्य क्षेत्रों से आने वाले वाहनों की पार्किंग आर्मी मैदान में की जाएगी।

ट्रैफिक पुलिस ने इन इलाकों से आने वाले लोगों को निर्धारित पार्किंग स्थल का ही उपयोग करने की सलाह दी है। वीआइपी, पासधारी और मीडिया वाहनों के लिए मौराबादी परेड मैदान को विशेष पार्किंग स्थल के रूप में निर्धारित किया गया है। केवल वैध वीआईपी पास और मीडिया पास वाले वाहन ही इस पार्किंग में प्रवेश कर सकेंगे।

ट्रैफिक पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि टूर्नामेंट के दौरान यातायात के दबाव और आवश्यकता के अनुसार किसी भी समय कुछ मार्गों पर वाहनों का परिचालन अस्थायी रूप से डायवर्ट किया जा सकता है या कुछ समय के लिए रोका भी जा सकता है।

ऐसे में आम लोगों से अपील की गई है कि वे ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें, निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें और वैकल्पिक मार्गों की जानकारी लेकर ही यात्रा करें, ताकि डूरंड कप के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube Reporters Support Directors Live