हरियाणा के फतेहाबाद में लूट और हत्या के 3 इनामी बदमाश गिरफ्तार, पुलिस को बड़ी सफलता

Editor
3 Min Read

फतेहाबाद.

रुपावाली और खासवा गांव के शराब ठेकों पर एक ही रात हुई लूट की दो वारदातों का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए सिकंदर पुत्र रूपा सिंह निवासी रत्ताथेह (जाखल), विजय उर्फ चांदी पुत्र लक्ष्मण सिंह उर्फ लच्छा निवासी कुलरिया (जिला मानसा) तथा जश्न सिंह उर्फ राठा पुत्र सोनी सिंह निवासी कुलरिया (जिला मानसा) को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार सिकंदर हत्या के मामले में पांच हजार रुपये का इनामी और लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, 32 बोर की पिस्तौल, 315 बोर का देशी कट्टा और गंडासी बरामद की है।

दो जुलाई की रात हुई थीं दोनों वारदातें
पत्रकार वार्ता में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिव्याशी सिंगला ने बताया कि दो जुलाई की रात गांव रुपावाली स्थित शराब ठेके पर तीन बदमाशों ने सेल्समैन से मारपीट कर करीब 14 हजार रुपये की नकदी और शराब लूट ली थी। इसके कुछ समय बाद इसी गिरोह ने गांव खासवा स्थित शराब ठेके पर भी धावा बोल दिया। यहां भी सेल्समैन के साथ मारपीट कर करीब 30 हजार रुपये की नकदी लूट ली गई। दोनों मामलों में संबंधित थानों में मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

मुखबिर की सूचना पर बिछाया जाल
दोनों वारदातों के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सीआईए टोहाना, थाना जाखल और थाना सदर टोहाना की संयुक्त टीम गठित की गई। तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस को सूचना मिली कि कुछ बदमाश पंजाब सीमा से सटे जाखल क्षेत्र में हथियारों के साथ घूम रहे हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए सीआईए टीम ने गांव रत्ताथेह निवासी सिकंदर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 32 बोर की अवैध पिस्तौल बरामद की। वहीं दूसरी टीम ने कड़ैल चौक के पास नाकाबंदी के दौरान कुलरिया निवासी विजय उर्फ चांदी को 315 बोर के देशी कट्टे सहित गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में सामने आया तीसरे साथी का नाम
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपितों ने रुपावाली और खासवा के शराब ठेकों पर हुई लूट की वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने तीसरे आरोपित जश्न सिंह उर्फ राठा को चांदपुरा क्षेत्र से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त गंडासी बरामद हुई। तीनों आरोपितों की निशानदेही पर लूट में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई। पुलिस के अनुसार सिकंदर के खिलाफ वर्ष 2025 में जाखल थाना क्षेत्र में दर्ज हत्या के मामले में मुकदमा चल रहा है। इस मामले में उसके आठ साथी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके थे, जबकि सिकंदर लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया और रिमांड पर लेकर पूछताछ की।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube Reporters Support Directors Live