जयपुर में दर्दनाक हादसा: पटाखा फैक्ट्री में आग, 3 की मौत और 5 घायल

Editor
2 Min Read

जयपुर
राजस्थान की राजधानी जयपुर के खो नागोरियान इलाके में एक घर के अंदर चल रही पटाखा फैक्ट्री में मंगलवार सुबह अचानक आग लग गई. इस भीषण हादसे में 3 लोगों की मौत की खबर है, जबकि 5 लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं. इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है और दमकल व प्रशासन की टीमें मौके पर राहत कार्य में जुटी हैं.

रिहायशी इलाके में हुआ हादसा
आयशा नगर के तलाई क्षेत्र में यह पटाखा फैक्ट्री घनी आबादी के बीच एक मकान में चल रही थी. बताया जा रहा है कि घर में रखे किसी ज्वलनशील पदार्थ ने अचानक आग पकड़ ली. आग इतनी तेजी से फैली कि अंदर काम कर रहे लोगों को बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिला.

घायलों को SMS अस्पताल किया गया रेफर
हादसे में झुलसे 5 लोगों को तुरंत रेस्क्यू कर अस्पताल ले जाया गया. इनमें से कई लोगों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है, जिसे देखते हुए उन्हें जयपुर के सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल शिफ्ट कर दिया गया है. डॉक्टरों की टीम घायलों के इलाज में जुटी हुई है.

दमकल की दो गाड़ियां बुझा रही हैं आग
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग ने मोर्चा संभाल लिया. मौके पर सिविल डिफेंस की टीम भी रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी है. फिलहाल दमकल की दो गाड़ियां लगातार आग पर काबू पाने का प्रयास कर रही हैं ताकि आग को आस-पास के घरों तक फैलने से रोका जा सके.

आधिकारिक आंकड़ों का इंतजार
जयपुर जिला कलेक्टर संदेश नायक और एडीएम सहित आला अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं और हालात की निगरानी कर रहे हैं. कलेक्टर संदेश नायक ने बताया कि घर के अंदर रखे किसी ज्वलनशील पदार्थ के कारण यह हादसा हुआ. उन्होंने स्पष्ट किया कि कुल मौतों और घायलों का आधिकारिक आंकड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही एक प्रेस रिलीज के जरिए जारी किया जाएगा.

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube Reporters Support Directors Live